rakesh-tikait-farmer-leader-who-reached-gujarat-on-two-days-tour-bjp-workers-protest-in-palanpur

दो दिन के दौरे पर गुजरात पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत, पालनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

काला झंडा दिखाने की कोशिश में एक भाजपा कार्यकर्ता को पुलिस ने हिरासत में लिया अंबाजी/अहमदाबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। किसान नेता राकेश टिकैत अपने दो दिन केे दौरे पर आज गुजरात पहुंचे। टिकैत का कई स्थानों पर स्थानीय किसानों ने ढोल नगाड़ों से स्वागत किया गया। पालनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने टिकैत का विरोध किया। भाजपा कार्यकर्ता ने टिकैत को काला झंडा दिखाने का प्रयास किया। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता को हिरासत में ले लिया है। रविवार को ट्रेन से आबू रोड पहुंचने के बाद किसान नेता राकेश टिकैत का काफिला गुजरात पहुंचा।टिकैत गुजरात में किसानों की स्थिति जानने और प्रभावित किसानों की उपज के मूल्यों का पता लगाने के लिए गुजरात के किसानों से वार्ता करने पहुंचे हैं। अंबाजी में टिकैत राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के साथ पहले अंबाजी मंदिर गए और फिर वहां से किसान सम्मान रथ पर सवार होकर वे पालनपुर पहुंचे। पालनपुर में उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा। टिकैत के काफिले को देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इसी दौरान एक भाजपा नेता ने टिकैत को काला झंडा दिखाने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता अशोक पुरोहित को हिरासत में लिया है। किसान नेता राकेश टिकैत और शंकर सिंह वाघेला का किसानों ने अंबाजी, दांता, मोटासदा, जलोत्रा और गोलमा में स्वागत किया। साथ ही पालनपुर में उन्होंने किसानों के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भी भाग किया। इस मौके पर राकेश टिकैत ने कहा कि मैं भाजपा के लिए शनिदेव हूं, काला कपड़ा दिया होता तो वह एक मुखौटे का काम करता। राकेश टिकैत ने कहा है कि उन्होंने माताजी से प्रार्थना की है कि किसानों के मुद्दों को जल्द हल किया जाएगा। टिकैत का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने हाथापाई करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में किसान आंदोलन होगा। गुजरात के किसानों के साथ भी अन्याय हुआ है। मैं किसानों की समस्याओं के लिए गुजरात आया हूं। उल्लेखनीय है कि किसान नेता राकेश टिकैत के किसान आंदोलन को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला का समर्थन मिला है। आज वह उन्हीं के आमंत्रण पर गुजरात पहुंचे हैं। किसान नेता राकेश टिकैत की यात्रा के मदेनजर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। जानकारी के मुताबिक टिकैत सोमवार को अहमदाबाद में गांधी आश्रम भी जाएंगे। सोमवार को ही वे बारडोली में एक सार्वजनिक बैठक भी करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/हर्ष/पारस

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in