rajnath-singh-boosted-morale-by-advising-workers
rajnath-singh-boosted-morale-by-advising-workers

राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देकर बढ़ाया मनोबल

- राजनाथ सिंह का दावा- 2022 के चुनाव में 2017 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा लखनऊ, 15 मार्च (हि.स.)। राजधानी स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति बैठक का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस मौके पर राजनाथ सिंह व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को नसीहत दी और संगठन की नीति-रीति, विभिन्न निर्णयों व प्रसंगों का उदाहरण देते हुए उनका मनोबल बढ़ाने की कोशिश की। स्वतंत्रदेव सिंह का उदाहरण देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि गरीब की कोख से पैदा हुआ व्यक्ति आज उप्र जैसे बड़े राज्य का अध्यक्ष है। यह भाजपा में ही हो सकता है। इशारों में असंतुष्ट कार्यकर्ताओं के बारे में उन्होंने कहा कि ''कई बार कार्यकर्ता सोचते हैं कि इतने समय से पार्टी से जुड़ा हूं और मेरे साथ न्याय नहीं हो रहा।" भाजपा में देर हो सकती, लेकिन अन्याय नहीं उन्होंने खुद के बारे में बताते हुए कहा कि शुरू के दिनों में मैं आरएसएस में कार्यवाह का दायित्व निर्वहन कर रहा था। फिर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभाग संगठन मंत्री रहा। उसके बाद भाजपा में जिला मंत्री बनने के बाद राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। भाजपा में बिना मांगे सबकुछ मिला। उन्होंने कहा कि यहां देर है, अंधेर नहीं। भाजपा में देर हो सकती है लेकिन अन्याय नहीं हो सकता। यहां पद भले ही न हासिल हो लेकिन प्रतिष्ठा जरूर हासिल होगी। राजनीतिक जीवन में पद से नहीं, कृत्यों से बड़ा होता है कद कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में व्यक्ति का कद पद के कारण नहीं बल्कि उसके कृत्यों से बड़ा होता है। हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि भाजपा के कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं से निवेदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी के पास बहुत काम होते हैं। उनकी व्यस्तता रहती है। कोई भी काम के लिए प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तक अपनी बात पहुंचाते रहें। अन्य पार्टियों के पास नहीं है राजनैतिक दर्शन पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन पर उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने वाले लोगों का झुंड नहीं है, बल्कि जीवंत राजनीतिक संगठन है। भाजपा में कोई विभाजन नहीं हुआ है। अन्य पार्टियों के पास कोई राजनैतिक दर्शन नहीं है। उन्होंने कहा कि एक-दो गड़बड़ियों को आधार मानकर भाजपा का मूल्यांकन नहीं होना चाहिए। राजनाथ ने कहा कि जनसंघ के समय जब हम लोग चर्चा करते थे, तब मन में कभी नहीं आता था कि हम सत्ता में आयेंगे। आज चप्पा-चप्पा भाजपा का हो गया है। राममंदिर आंदोलन के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता ने हमारा जनाधार बढ़ाया। निरंतर प्रगति पथ पर भाजपा का विजय रथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्रदेव सिंह ने समाज सेवा का मंत्र देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि मीठा बोलो। भाजपा का विजय रथ निरंतर प्रगति पथ पर है। भाजपा ने विकास, संस्कृति, राष्ट्रवाद पर बल दिया है। विपक्षी हमारे ऊपर हंसते थे, तब अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा अंधेरा छटेगा, कमल खिलेगा। देश की जनता ने चाय वाले एक इमानदारी नेता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। सत्ता हमारे लिए देश की तकदीर बदलने का माध्यम उन्होंने कहा कि सपा सरकार में सरकारी पदों पर रिक्तियों की सूची सैफई से आ जाती थी। मुख्यमंत्री योगी पर कोई एक रुपये का आरोप नहीं लगा सकता। 2022 में 2017 से भी ज्यादा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार में आयेंगे। हमने मुश्किलों को चुनौती के रूप में लिया है। सत्ता हमारे लिए देश की तकदीर बदलने का माध्यम है। सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनेगा उप्र, योजनाओं को धरातल पर उतारा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकारों का अंत्योदय ही मूल मंत्र है। गांव, किसान, वनवासी, निर्धनों की खुशहाली के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। केंद्र सरकार द्वारा इज्जत घर शौचालय बनवाना महिला सशक्तीकारण का उदाहरण है। प्रदेश के कोने-कोने में बिजली पहुंच गयी है। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में 2022 तक बुंदेलखण्ड के घर-घर में पानी का नल हो जायेगा। उन्होंने कहा कि उप्र सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनेगा। हिन्दुस्थान समाचार/रामाशीष/सुनीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in