rahul39s-allegation-central-government-imposing-its-will-on-judiciary
rahul39s-allegation-central-government-imposing-its-will-on-judiciary

राहुल का आरोप, न्यायपालिका पर अपनी इच्छा थोप रही केंद्र सरकार

-राज्य सरकारों को गिराने के लिए साजिश करने का भी लगाया आरोप नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी केरल के दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने केंद्र पर राज्यों में चुनी सरकारों को गिराने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने न्यायपालिका को अपने ढंगे से काम नहीं करने देने के लिए केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में काबिज लोग न्याय व्यवस्था पर अपनी इच्छा थोपने का काम कर रहे हैं। केरल के मलप्पुरम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र की सत्ता में काबिज मोदी सरकार न्यायपालिका को उसका काम करने से रोक रही है। और यह सिर्फ न्यायपालिका की ही स्थिति नहीं है। राज्य सरकारों तक को अपनी शर्तों पर काम नहीं करने दिया जा रहा है। ऐसे में अगर कोई राज्य सरकार ऐसा करने की हिम्मत दिखाती है तो उसे गिराने के लिए साजिशें होने लगती हैं। राहुल ने संसद के दोनों सदनों राज्यसभा और लोकसभा में भी जनहितैषी विषयों पर चर्चा नहीं कराने देने को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार पर निशाना साधा। पुडुचेरी में कांग्रेस-डीएमके गठबंधन सरकार के गिरने को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि वर्तमान की केंद्र सरकार अपने विपरीत विचारों वाली पार्टी की चुनी हुई सरकारों को एक-एक कर गिराने में लगी है। उन्होंने कहा कि आज़ाद भारत में यह पहली बार है जब चुनाव जीतने का मतलब चुनाव हारना है और चुनाव हारने का मतलब चुनाव जीतना है। इस मौके पर कांग्रेस नेता ने इशारों-इशारों में यह भी कहा कि ‘वो सच का सामना करने से बच नहीं सकते हैं।’ उल्लेखनीय है कि केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी में सोमवार को फ्लोर टेस्ट के बाद कांग्रेस की सरकार गिर गई थी। विधानसभा में मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने विश्वास मत खो दिया था। कांग्रेस के पांच विधायकों और सहयोगी डीएमके के एक विधायक के इस्तीफा देने के कारण नारायणसामी सरकार अल्पमत में आ गई थी। हिन्दुस्थान समाचार/आकाश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in