शिक्षक भर्ती मामले को प्रियंका ने बताया उत्तर प्रदेश का व्यापमं घोटाला
शिक्षक भर्ती मामले को प्रियंका ने बताया उत्तर प्रदेश का व्यापमं घोटाला

शिक्षक भर्ती मामले को प्रियंका ने बताया उत्तर प्रदेश का व्यापमं घोटाला

-कहा, रौंदा जा रहा मेहनतकश युवाओं का भविष्य -छात्रों को न्याय नहीं मिलने पर प्रियंका ने दी आंदोलन की चेतावनी नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस कथित अनियमितता से मेहनतकश युवाओं के भविष्य को रौंदा जा रहा है। उन्होंने इस मामले को उत्तर प्रदेश का व्यापमं घोटाला करार दिया है। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को फेसबुक लाइव के जरिए कहा कि उत्तर प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में गड़बड़ी के तथ्य सामान्य नहीं हैं। डायरियों में दर्ज छात्रों के नाम, पैसे के लेनदेन, परीक्षा केंद्रों में बड़ी हेराफेरी आदि दर्शातें हैं कि इन गड़बड़ियों के पीछे बड़ा गिरोह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती में हुई अनियमितता की वजह से मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर युवाओं के साथ न्याय नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सरकार को मामले की स्पष्ट जांच करानी चाहिए। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर तरीके से उनके साथ है। राज्य सरकार को घेरते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि योगी सरकार ने शिक्षक भर्ती में पारदर्शिता नहीं बरती है, अगर सब पारदर्शी होता तो इतनी गिरफ्तारियां नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि उन्हें आज सुबह पता चला कि टॉपर को गिरफ्तार कर लिया गया है और कुछ लोगों को कल गिरफ्तार किया गया था। अगर यह परीक्षा निष्पक्ष रूप से आयोजित की गई तो लोगों को गिरफ्तार क्यों किया जा रहा है? ये मुद्दे बार-बार क्यों सामने आ रहे हैं? उन्होंने यह भी कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने की भी कोशिश कर रही है लेकिन ऐसा होगा नहीं। जिस तरह कांग्रेस ने सीएए और एनआरसी पर छात्रों की आवाज से आवाज मिलाई थी, इस बार भी वो साथ खड़े रहेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि उप्र सरकार घोटालों और भ्रष्टाचार के मामले में भी लोगों को आवाज उठाने नहीं देती है। ऐसे में या तो हम चुप रह सकते हैं ताकि कोई बदलाव न हो या हम अपनी आवाज उठाएं और उनसे सवाल पूछें। आखिर कब तक गड़बड़ियों-घोटालों की वजह से युवाओं का भविष्य दाव पर लगता रहेगा। अब वक्त है कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिम्मेदारी लें। हिन्दुस्थान समाचार/आकाश/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in