priyanka-reached-bankebihari-temple-by-trusting-the-victim
priyanka-reached-bankebihari-temple-by-trusting-the-victim

प्रियंका पीड़िता को भरोसा देकर पहुंची बांकेबिहारी मंदिर

मथुरा/भरतपुर, 23 फरवरी(हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को भरतपुर की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से भेंट कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद श्री बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए पहुंची। अपना फरियाद लेकर पीड़िता प्रियंका गांधी से मिलने मथुरा पहुंची तो पंचायत खत्म होने के बाद प्रियंका ने किशोरी को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। फिर वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए जाते समय रास्ते में ही गाड़ी रोककर प्रियंका ने किशोरी से पूरी घटना की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार प्रियंका ने पीड़िता से कहा है कि उसे डरने की जरूरत नहीं है। वे स्वयं पीड़िता के साथ हैं। यह भी आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी। प्रियंका गांधी ने करीब 15 मिनट तक किशोरी से बातचीत की। इसके बाद प्रियंका ने अपने काफिले में शामिल दूसरी गाड़ी से किशोरी को वापस मथुरा उसके माता-पिता के पास भिजवाया। वापस आने के बाद किशोरी ने पत्रकारों को बताया कि प्रियंका गांधी ने मुझसे परिवार के बारे में जानकारी ली। मेरे पिता के बारे में पूछा। उन्होंने कहा है कि डरने की जरूरत नहीं है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि भरतपुर जिले के जुरहरा थाना क्षेत्र की किशोरी से बीते वर्ष अप्रैल माह में दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसमें तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रियंका ने किया ठाकुर बांके बिहारी का दर्शन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार शाम ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंची। यहां उन्होंने मंदिर की देहरी का पूजन की। पूरी श्रद्धा के साथ प्रियंका ने माथा टेका और सेवायतों के निर्देश के अनुसार उन्होंने पूजन की। महापंचायत के बाद वे सीधे वृदावन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा की। प्रियंका गांधी को गोपी गोस्वामी ने पूजा कराई। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रियंका गांधी के बांके बिहारी मंदिर में पूजा अर्चना करने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। उन्होंने भगवान की पोशाक भेंट की व अराध्य के दर्शन किए। प्रियंका गांधी ने वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर पूजा करने के बाद विजिटर डायरी में लिखा कि यहां आकर श्रद्धा-भाव से पूजा की है। आप सबका बहुत धन्यवाद, आपकी प्रार्थना से देश, जनता का कल्याण हो, मंगल हो। जय बांकेबिहारीजी। हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in