nationwide-mass-campaign-will-start-from-april-13-for-land-nutrition-and-conservation
nationwide-mass-campaign-will-start-from-april-13-for-land-nutrition-and-conservation

13 अप्रैल से भूमि सुपोषण व संरक्षण के लिए शुरू होगा राष्ट्रव्यापी जन अभियान

- भूमि सुपोषण के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक नई दिल्ली, 07 अप्रैल(हि.स.)। भूमि सुपोषण के लिए राष्ट्र स्तरीय एक जन अभियान की शुरुआत 13 अप्रैल भारतीय नववर्ष से की जा रही है। इस जन अभियान को कृषि व पर्यावरण क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं व अक्षय कृषि परिवार ने तैयार किया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य भारतीय कृषि चिंतन, भूमि सुपोषण व उन्नत कृषि परंपराओं को जीवित करना है। इस अभियान के तहत जन जागरण, विचार विमर्श से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीन महीने चलने वाले इस अभियान का समापन 24 जुलाई तक होगा। अक्षय कृषि परिवार के सचिव डॉ. गुणाकर ने बताया कि आधुनिक खेती एक आर्थिक स्रोत रह गई है। भूमि की किसी को चिंता नहीं है। लोग उपज बढ़ाने के लिए हाइब्रिड बीज, केमिकल फर्टिलाइजर, कीटनाशक दवाइयां का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे न केवल भूमि प्रदूषित हो रही है बल्कि भू जल भी प्रदूषित हो रहा है। लोग पोषित होने के बजाय बीमार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई किसान जैविक तरीके से खेती करके प्रगति भी कर रहे हैं और मातृभूमि का पोषण भी कर रहे हैं। इस दिशा में लोगों का खासकर किसानों का मार्गदर्शन करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य से अभियान के पहले चरण में भूमि सुपोषण की दिशा में प्रयासरत कुछ किसानों को सम्मानित करने के साथ दूसरे किसानों को भी जैविक खेती के तरीकों से प्रेरित करना है। इसके साथ शहरों में जैविक खाद बनाने के तरीकों के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। सेमिनार, कार्यशाला, प्रदर्शनी आदि गतिविधियां का भी आयोजन होगा। इस अभियान के लिए एक राष्ट्र स्तरीय मार्गदर्शन मंडल का गठन किया गया है। इस अभियान की संचालन समिति में ऐसे किसान हैं, जो भारतीय कृषि चिंतन व भूमि सुपोषण की कल्पना को साकार कर रहे है। हिन्दुस्थान समाचार/ विजयालक्ष्मी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in