national-executive-meeting-of-bjp-st-morcha-in-ranchi-from-saturday-nadda-will-inaugurate
national-executive-meeting-of-bjp-st-morcha-in-ranchi-from-saturday-nadda-will-inaugurate

रांची में भाजपा एसटी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार से, नड्डा करेंगे उद्घाटन

रांची, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक 23 और 24 अक्टूबर को रांची में होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 23 अक्टूबर को इसका उद्घाटन करेंगे। केंद्र में जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा भी उद्घाटन सत्र में विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे। मोर्चा की यह दो दिवसीय बैठक इस मायने में महत्वपूर्ण बतायी जा रही है कि इसमें अगले वर्ष पांच राज्यों में होनेवाले चुनाव के दौरान जनजातीय समाज के मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए आकर्षित-प्रेरित करने की रणनीति पर चर्चा होगी। चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जनजातीय नेताओं की भूमिका पर भी इस बैठक के दौरान विचार-विमर्श किया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने आईएएनएस को बताया कि कार्यसमिति की बैठक कुल आठ सत्रों में आयोजित होगी। प्रत्येक सत्र में विचार-विमर्श के एजेंडे पूर्वनिर्धारित हैं। कुल मिलाकर फोकस इस बात पर है कि जनजातीय समाज के कल्याण और उत्थान के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने में मोर्चा के हर छोटे-बड़े नेता-कार्यकर्ता की भूमिका सुनिश्चित हो। जनजातीय समाज के सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और पारंपरिक मूल्यों और वर्तमान परिस्थितियों पर भी मंथन होगा। एक सत्र में राष्ट्र निर्माण में जनजातीय महापुरुषों के योगदान पर भी खास तौर पर चर्चा की जायेगी। इसके अलावा मोर्चा और पार्टी के संगठनात्मक पहलुओं पर भी विचार-विमर्श होगा। इसके बाद मोर्चा के द्वारा लिये गये निर्णयों और संकल्पों पर प्रस्ताव पारित किये जायेंगे। कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए देश भर से जनजातीय नेताओं और प्रतिनिधियों का रांची पहुंचना शुरू हो गया है। केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल जनजातीय समाज के सभी आठ मंत्री, जनजातीय समाज के 46 लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद भी कार्यसमिति के विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे। इनके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय संगठक वी सतीश, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव, मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम भी भाग लेंगे। बैठक हरमू बायपास रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में हो रही है, जिसे जनजातीय समाज की जीवन शैली और परंपराओं के अनुसार सजाया गया है। कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने और इसमें विचार किये जानेवाले मुद्दों पर आज शाम मोर्चा के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक अध्यक्ष समीर उरांव की अध्यक्षता में होगी। --आईएएनएस एसएनसी/आरजेएस

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in