नैनो प्रौद्योगिकी से कृषि क्षेत्र में बढ़ेगी उत्पादकताः तोमर
नैनो प्रौद्योगिकी से कृषि क्षेत्र में बढ़ेगी उत्पादकताः तोमर

नैनो प्रौद्योगिकी से कृषि क्षेत्र में बढ़ेगी उत्पादकताः तोमर

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। देश में नैनो प्रौद्योगिकी के समयानुकूल उपयोग से कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ेगी। इस संबंध में कृषि कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डा. हर्षवर्धन ने संयुक्त रूप से एक दिशा-निर्देश जारी किया। इसे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बायोटेक्नालाजी विभाग, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण और केंद्रीय कृषि कल्याण एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने मिलकर बनाई है। मंगलवार को इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि नैनो प्रौद्योगिकी का महत्व हम सभी जानते है। विशेष रूप से कृषि के क्षेत्र में इसका उपयोग किया जाना समयानुकूल है। इफ्को ने नैनो फर्टिलाइजर बनाया है, जिसका ट्रायल होने पर अच्छे नतीजे आए हैं। इस तरह की प्रौद्योगिकी से खेती में उत्पादकता बढ़ेगी, जिससे किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य दिया है और इस दिशा में सभी प्रयत्न कर रहे हैं। जब किसानों की आय दोगुनी करने की बात की जाती है तो इसका मतलब है उत्पादकता बढ़े, बाजार व्यवस्था सुचारू हो, लागत में कमी आएं, फसल का उचित मूल्य मिलें, कम दरों पर अच्छी क्वालिटी के बीज, उवर्रक व सिंचाई सुविधाएं मिलें। इन सभी के लिए केंद्र सरकार मोदी के नेतृत्व में काम कर रही है। इसका फायदा किसानों को मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कृषि संबंधी गतिविधियों के संबंध में दो अध्यादेश जारी किए हैं, जिनसे किसानों को समग्र रूप से काफी प्रत्यक्ष लाभ होगा। उन्होंने कृषि संबंधी विषयों का समाधान करने पर मंत्री डा. हर्षवर्धन का आभार जताया। इस दौरान डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत आगे बढ़ा है। नैनो प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर है, वेदर फोरकास्टिंग में चौथे क्रम पर है। इस तरह प्रमुख प्रौद्योगिकी पैरामीटर्स में दुनिया में पहले दस नंबर के अंदर भारत आता है। मोदी जी का गरीबों, किसानों एवं वैज्ञानिकों के लिए समर्पित भाव है। 135 करोड़ से ज्यादा लोगों की अपेक्षाओं-आकाक्षांओं को प्रधानमंत्री जी बखूबी समझते हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि बायोटेक्नालाजी के विकास में अटलजी के नेतृत्व में उच्च योगदान दिया गया था। इसी तरह वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बेहतरीन काम हो रहा है। नैनो प्रौद्योगिकी का लाभ किसानों को व्यापक रूप से मिल सकेगा। ये गाइडलाइंस उसमें विशेष सहायक होगी। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि वैज्ञानिकों को सुनिश्चित करना होगा कि किस तरह छोटे से छोटे किसानों तक भी इस प्रौद्योगिकी का लाभ पहुंचे। उत्पादकों को भी इसका फायदा मिलेगा। साथ ही, उपभोक्ताओं को सही चीज-सही मात्रा में मिल सकेगी। आने वाले समय में इस गाइडलाइंस की एक बहुत बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका होगी और प्रधानमंत्रीजी का सपना साकार करने में मदद मिलेगी। हिन्दुस्थान समाचार /रवीन्द्र मिश्र/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in