हमेशा आगे दौड़ने वाले मिल्खा कोरोना से हार गए जंग, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

milkha-who-always-ran-ahead-lost-the-battle-to-corona-the-prime-minister-expressed-grief
milkha-who-always-ran-ahead-lost-the-battle-to-corona-the-prime-minister-expressed-grief

बृजेश झा नई दिल्ली, 19 जून (हि.स)। भारत के महान धावक मिल्खा सिंह का शुक्रवार देररात निधन हो गया। वे 91 साल के थे और कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण पिछले कुछ दिनों से चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में भर्ती थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने शोक जताया है। पहली बार मिल्खा सिंह 20 मई को कोरोना वायरस की चपेट में आए थे। इसके बाद 24 मई को उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से हफ्ते भर बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन 3 जून को शरीर में ऑक्सीजन का स्तर नीचे आने के कारण उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की शाम उनकी तबियत काफी बिगड़ गई थी और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। अस्पताल के प्रवक्ता अशोक कुमार ने एक मीडिया संस्थान को बताया है कि मिल्खा सिंह का निधन रात 11.30 बजे हुआ। इससे हफ्ते भर पहले मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह की एक निजी अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण मृत्यु हो गई थी। निर्मल सिंह भी अपने दौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रह चुकी थीं। उन्हें कुशल प्रशासक भी माना जाता था। मिल्खा सिंह के परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अत्यंत दु:ख के साथ सूचित किया जा रहा है कि मिल्खा सिंह जी का निधन हो गया। उन्होंने बहुत संघर्ष किया लेकिन भगवान के अपने तरीके हैं। शायद यह दोनों के बीच सच्चा प्यार था कि हमारी मां निर्मल जी और अब पिताजी दोनों का निधन 5 दिनों में हो गया है। मिल्खा सिंह के निधन की खबर आने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके साथ की अपनी एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की है। उन्होंने कहा है कि मिल्खा सिंह असंख्य भारतीयों के ह्रदय में बने रहेंगे। अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ''श्री मिल्खा सिंह जी के निधन से हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया है। उनका अनगिनत लोगों के दिलों में खास स्थान था। उनके प्रेरक व्यक्तित्व ने लाखों लोगों को प्रेरित किया। उनके निधन से आहत हूं।'' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्र उन्हें हमेशा भारतीय खेलों के सबसे चमकीले सितारों में से एक के रूप में याद रखेगा। शाह ने शुक्रवार देर रात ट्विट कर कहा, “भारत महान धावक श्री मिल्खा सिंह जी (फ्लाइंग सिंह) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है।” अपने शोक संदेश में गृह मंत्री शाह ने आगे कहा कि उन्होंने विश्व एथलेटिक्स पर एक अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्र उन्हें हमेशा भारतीय खेलों के सबसे चमकीले सितारों में से एक के रूप में याद रखेगा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और अनगिनत अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ट्विट कर उन्होंने मिल्खा सिंह के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की है। केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने भी महान खिलाड़ी के निधन पर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि मैं आपसे वादा करता हूं मिल्खा सिंह जी कि हम आपकी अंतिम इच्छा को पूरा करेंगे। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट में लिखा कि विश्व में देश का गौरव बढ़ाने वाले फ्लाइंग सिख #MilkhaSingh जी का निधन एक अपूरणीय क्षति है। वह करोड़ो देशवासियों के ह्रदय में बसते हैं। युवा खिलाड़ियों के लिये उनका जीवन प्रेरणास्रोत है। उनका जाना खेल जगत की बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करें। ॐ शांतिः असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट में लिखा कि फ्लाइंग सिख कैप्टन मिल्खा सिंह के निधन पर दुखी हूं। उनकी ख्याति ने न केवल भारत को गौरवान्वित किया, बल्कि खेल प्रेमियों की पीढ़ियों को भी प्रेरित किया। उसके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। शांति! पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने शोक संदेश मे कहा कि श्री मिल्खा सिंह जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। एक महान खिलाड़ी, उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। दुनिया भर में उनके परिवार, प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक संवेदना व्यक्त की और ट्वीट में लिखा कि अलविदा फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह जी। आपने करोड़ों भारतीयों समेत पूरी दुनिया को अपने लगन, मेहनत और जुनून से प्रेरित किया। आप सदैव हमारे दिलों में अमर रहेंगे। हिन्दुस्थान समाचार

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in