Maratha leaders, Bhujbal and Badetiwar met Governor
Maratha leaders, Bhujbal and Badetiwar met Governor

राज्यपाल से मिले मराठा नेता, भुजबल व बडेट्टीवार को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की

मुंबई, 29 दिसम्बर (हि.स.)। मराठा क्रांति मोर्चा के नेताओं ने मंगलवार को राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मिलकर खाद्यान्न मंत्री छगन भुजबल व पुनर्वसन मंत्री विजय बडेट्टीवार को मंत्री समूह से हटाने की मांग की है। राज्यपाल से मिलने के बाद मराठा क्रांति मोर्चा के समन्वयक नानासाहेब जावले पाटील ने बताया कि मराठा समाज को मिले आरक्षण को बचाए जाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई जारी है। इसी दौरान खाद्यान्न मंत्री छगन भुजबल व पुनर्वसन मंत्री विजय बडेट्टीवार अनायास बयानबाजी कर मराठा समाज व ओबीसी समाज के बीच मतभेद बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इन दोनों मंत्रियों को हटाने की मांग इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलकर कर चुके हैं। मुख्यमंत्री की ओर से कार्रवाई न होने पर आज मराठा समाज व छावा संगठन का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला है। मराठा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से इन दोनों मंत्रियों को मंत्री समूह से हटाने की मांग की है। मराठा क्रांति मोर्चा के समव्ययक रमेश केरे पाटील ने बताया कि राज्य सरकार मराठा समाज के आरक्षण को बचाने के लिए गंभीर नहीं है। इससे मराठा समाज की युवा पीढ़ी शिक्षा व नौकरी से वंचित है। राज्य के दो मंत्री मराठा समाज के बारे में गलत प्रचार कर रहे हैं। इसी वजह से मराठा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मिलकर अपनी समस्याएं राज्यपाल को बतायी हैं। केरे पाटील ने कहा कि राज्यपाल ने उनके अनुरोध पर उचित विचार करने का आश्वासन दिया है। केरे पाटील ने कहा कि मराठा समाज मराठा आरक्षण के लिए प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मिलने वाला है। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in