मांउट एवरेस्ट को फतेह कर ’माउंट लहोत्से’ की यात्रा पर निकलेंगी कुंडू

kundu-will-fly-out-of-mount-everest-on-a-trip-to-mount-everest
kundu-will-fly-out-of-mount-everest-on-a-trip-to-mount-everest

-हरियाणा पुलिस की एसआई अनीता कुंडू ने डीजीपी से की मुलाकात चंडीगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल व चीन दोनों ओर से माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल करने वाली हरियाणा पुलिस की सब-इंस्पेक्टर अनीता कुंडू ने गुरुवार को पुलिस महानिदेशक मनोज यादव से मुलाकात कर अपने आगामी पर्वतारोहण अभियान ’माउंट लहोत्से’ के बारे में जानकारी दी। लहोत्से दुनिया का चौथा सबसे ऊँचा शिखर है जिसकी ऊंचाई 8516 मीटर है। इस अवसर पर महिला पुलिस अधिकारी को बधाई देते हुए डीजीपी ने कहा कि अपने मजबूत इरादों के साथ पर्वतारोही अनीता कुंडू नेपाल की चोटी माउंट लहोत्से पर तिरंगा फहराकर एक बार फिर प्रदेश व हरियाणा पुलिस का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने पर्वतारोहण अभियान की सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए महिला अधिकारी का हौसला भी बढ़ाया। डीजीपी ने अनीता को हरियाणा पुलिस का फ्लैग भी सौंपा जिसे वह चोटी पर फहराएंगी। अनीता के हौसले बुलंद हैं और 10 अप्रैल को वह एक नई ऊंचाई छूने के लिए नए सफर पर निकलेंगी। वह नई दिल्ली से काठमांडू के लिए रवाना होंगी। जहां अनीता एक टीम का नेतृत्व करेगी, जिसमें दुनिया भर से 10 पर्वतारोही होंगे। वहां से इन सभी की चढ़ाई शुरू होगी। उनका ये अभियान लगभग 50 से 60 दिन का रहेगा। बेस कैम्प से ऊपर शिखर तक पांच कैम्प लगेंगे। माउंट एवरेस्ट सहित 7 महाद्वीपों की चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी अनीता का नया मिशन लहोत्से चोटी को फ़तह करने का है। उल्लेखनीय है कि तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड से सम्मानित अनीता कुंडू वर्तमान में हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने राज्य पुलिस बल के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए डीजीपी का धन्यवाद भी व्यक्त किया। अनीता ने एशिया, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, अंटार्कटिका और दक्षिण अमेरिका सहित सात महाद्वीपों में चोटियों को फतह किया है। साथ ही, नेपाल और चीन दोनों ओर से माउंट एवरेस्ट को फतह किया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने दुनिया भर में पर्वतारोहण के कई अन्य सफल अभियान भी किए हैं। हाल ही में अनीता को उत्तराखंड में ’गंगोत्री’ और ’रुदुगैरा’ की चोटियों पर पर्वतारोहण अभियान का प्रमुख भी चुना गया था। हिन्दुस्थान समाचार/संजीव

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in