झारखंड की सरकार कमजोर और बेपरवाह: नड्डा
झारखंड की सरकार कमजोर और बेपरवाह: नड्डा

झारखंड की सरकार कमजोर और बेपरवाह: नड्डा

विनय कुमार रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद जेपी नड्डा ने मंगलवार को झारखंड सरकार पर कड़ा प्रहार किया। मौका था झारखंड में पार्टी के आठ नव निर्मित जिला कार्यालयों के ऑनलाइन उद्घाटन का। नड्डा ने कहा कि आज झारखंड में लॉ लेसनेस की स्थिति है। प्रदेश में नक्सलवाद का प्रकोप बढ़ गया है।आये दिन मीडिया में हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण की घटनाएं छाई रहती हैं। उन्होंने कहा कि यह सब तब होता है जब शासक कमजोर होता है, बेपरवाह होता है। शासक को जनता की समस्याओं की कोई चिंता नही होती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का धंधा खुलेआम चल रहा है, ट्रांसफर पोस्टिंग एक उद्योग बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाज विरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ा है। कोविड-19 की रोकथाम में राज्य सरकार की विफलता पर नड्डा ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही। कुशल प्रबंधन का अभाव है। दूसरी ओर राज्य सरकार केंद्र द्वारा आवंटित मुफ्त चावल, गेहूं दाल, चना का वितरण भी गरीबों, जरूरतमंदों तक नहीं करा पा रही है। ज़िला कार्यालयों के विधिवत उद्घाटन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिये कार्य की दृष्टि से केवल सुविधा नहीं होते बल्कि एक संस्कार केंद्र होते हैं जहां से कार्य का वातावरण और संस्कार पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि आफिस भले 10 बजे से 5 बजे तक चलते हैं परंतु कार्यालय तो 24 घंटे संचालित होते हैं। आज देश के 700 सांगठनिक ज़िलों में से 400 ज़िलों में पार्टी के कार्यालय बन चुके हैं, शेष जिलों में भी आगामी 2 वर्षों में यह कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजनीति और कार्य पद्धति को अलग तरीके से आगे बढ़ाया है। उन्होंने झारखंड में 12 लाख भोजन पैकेट वितरण, 27 लाख लोगों तक राशन वितरण, 31 लाख फेस कवर, 8 लाख सैनिटाइजर पीएम केयर फण्ड में 5 करोड़ की राशि जमा करने जैसे कार्यों के लिये कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान दुनिया के शक्तिशाली देशों की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई लेकिन भारत ने प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में जन सहभागिता के माध्यम से देश को सही दिशा दी। विश्व के अन्य देश अर्थव्यवस्था के लिये चिंतित थे लेकिन मोदी जी ने जान है तो जहां है की मानवतावादी सोच के साथ गरीबों की सेवा का संकल्प व्यक्त किया। स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई और अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया। उन्होंने कहा कि लाकडाउन के समय भारत में एक भी पीपीई किट नहीं बनती थी लेकिन आज प्रतिदिन 45 लाख बन रही है। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच इन उपलब्धियों को लेकर जाएं। साथ ही प्रदेश सरकार को उसकी जिम्मेदारियों से अवगत कराएं। पार्टी की विचारधारा को जमीन तक पहुचाने के साथ साथ राज्य में एक सशक्त विपक्ष भी बने। कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिये मंदिर: अरुण सिंह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और झारखंड के प्रभारी सांसद अरुण सिंह ने कहा कि यह कार्यालय बही बल्कि कार्यकर्ताओं के लिये मंदिर का उद्घाटन हो रहा है। पहली बार पार्टी में भवन निर्माण का अलग से प्रकल्प बनाकर देश भर में जिला कार्यालय निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा में संपर्क संवाद की परंपरा है जिसमें कार्यालय एक बड़ा केंद्र बिंदु है। उन्होंने कहा कि आज लेह-लद्दाख की चोटियों में भी भाजपा का अपना व्यवस्थित कार्यालय है। जिला कलक्टर ऑफिस से ज्यादा जानकारी भाजपा कार्यालय में हो: बाबूलाल मरांडी भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिला कार्यालय जनता की उम्मीदों का केंद्र बनेगा। ज़िलों से संबंधित ज़िला कलेक्टर ऑफिस से अधिक जानकारी भाजपा जिला ऑफिस में उपलब्ध हो, पार्टी ऐसा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कार्यालय निर्माण कार्य से जुड़े पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद महेश पोद्दार, शेखर अग्रवाल समेत निर्माण समिति से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को उद्घाटन के अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमे कार्यालय को जीवंत बनाना है। उन्होंने कोविड संक्रमण समाप्ति के बाद राज्य सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने का आह्वान किया। चार क पर टिकी है पार्टी की आधारभूत संरचना: दीपक प्रकाश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने अपने अध्यक्षीय भाषण में प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि आज जिलों में व्यवस्थित कार्यालय का स्वप्न साकार हो रहा है। नई दिल्ली में नड्डा एवं राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह जी का मंच पर स्वागत केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने किया। भाजपा नेता श्रीविकास प्रीतम ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद जयंत सिन्हा का स्वागत किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी उपस्थित रहे। रांची के मंच पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायकदल बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने किया। इसके पूर्व सभी 8 जिलों लोहरदगा, सिमडेगा, चाईबासा, सरायकेला खरसावां, रामगढ़, पलामू, गिरिडीह और धनबाद के नव निर्मित कार्यालयों में प्रातः 7 बजे से विधिवत हवन पूजन का कार्यक्रम हुआ जिसमें सांसद, विधायक और ज़िलों के पदाधिकारी शामिल हुए। रांची के कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता अमित सिंह, आईटी संयोजक भानु जालान, सोशल मीडिया के मृत्युंजय शर्मा, राहुल अवस्थी, कार्यालय सह सचिव सूरज चौरसिया, महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता, मंडल अध्यक्ष गोपाल सोनी आदि उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in