indian-railways-is-strengthening-the-fight-against-corona
indian-railways-is-strengthening-the-fight-against-corona

कोरोना के खिलाफ लड़ाई को मजबूती दे रही भारतीय रेल

नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने असम सरकार की मांग पर शुक्रवार को गुवाहाटी में 21 और सिल्चर के पास स्थित बदरपुर में 20 आइसोलेशन कोच तैनात कर दिये। इसके साथ ही रेलवे राज्यों को वर्तमान में 4700 से अधिक की बेड क्षमता वाले 298 आइसोलेशन कोच उपलब्ध करा चुकी हे। भारतीय रेलवे ने देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई को मजबूती देते हुए 4,400 कोचों को आइसोलेशन कोच में तब्दील कर 70 हजार बेड तैयार किये हैं। रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि हाल ही में गुजरात राज्य सरकार की मांग पर रेलवे ने साबरमती में 10 और चंडलोडिया में 6 कोविड देखभाल डिब्बों को उपलब्ध कराया। नागालैंड राज्य सरकार की मांग पर रेलवे ने दीमापुर में 10 आइसोलेशन कोच तैनात किए हैं। इसके अलावा जबलपुर में उपलब्ध कराए गए 5 आइसोलेशन कोच की भी सेवाएं शुरू हो गई हैं, जिनकी कुल बिस्तर क्षमता 70 है। पालघर जिला प्रशासन के साथ नियम एवं शर्तों के समझौतों के अनुरूप पालघर में भी 21 कोविड देखभाल कोच की सेवाएं शुरू हो गई हैं। राज्य स्वस्थ्य विभाग की मदद के लिए आपात स्थिति में उपयोग हेतु ऑक्सीजन सिलेंडर के दो सेट भी उपलब्ध कराए गए हैं। मंत्रालय ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में तैनात किए गए कोविड देखभाल डिब्बों में भर्ती मरीजों के संबंध में बताया कि यहां अब तक कुल 177 कोरोना संक्रमितों को भर्ती किया गया जिनमें से 117 लोगों को छुट्टी दी गई। वर्तमान समय में 60 मरीज इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। महाराष्ट्र के नंदुरबार में पिछले दो दिनों के दौरान 10 नए मरीजों को भर्ती किया गया जबकि पहले भर्ती किए गए मरीजों में से 10 को छुट्टी दे दी गई। वर्तमान समय में इस कोविड देखभाल सुविधा का 26 मरीज लाभ प्राप्त कर रहे हैं। यहां अब तक कुल 114 मरीजों को भर्ती किया गया जिनमें से राज्य स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा 88 मरीजों को छुट्टी दी गई। रेलवे ने अजनी, इनलैंड कंटेनर डीपो में भी 11 कोविड देखभाल कोच तैनात किए हैं जिनमें से एक कोच चिकित्सा कर्मियों और चिकित्सा सामाग्री के लिए आरक्षित है। इस सुविधा केंद्र को नागपुर नगर निगम को सौंप दिया गया है। यहां अब तक 9 मरीज भर्ती हुए और 6 को छुट्टी दी गई। मध्य प्रदेश में इंदौर के करीब तीही में 22 कोविड देखभाल डिब्बे उपलब्ध कराएं हैं जिनकी कुल क्षमता 320 बिस्तरों की है। यहां अब तक 19 मरीजों को भर्ती किया गया और एक मरीज को छुट्टी दी गई। भोपाल में 20 कोविड देखभाल कोच उपलब्ध कराए गए हैं। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार यहां अब तक 28 संक्रमितों को दाखिल किया गया और 10 मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यहां 18 मरीज इस समय भर्ती हैं। इस केंद्र में कुल 302 मरीजों को आइसोलेशन में रखा जा सकता है। दिल्ली में भारतीय रेलवे ने राज्य सरकार की कुल 75 कोविड देखभाल डिब्बों की मांग पूरी की जिनकी कुल क्षमता 1200 बिस्तरों की है। इनमें से 50 रेल डिब्बे शकूरबस्ती में जबकि 25 डिब्बे आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर तैनात किए गए हैं। दिल्ली कोविड देखभाल रेल कोचों में अब तक कुल 5 मरीज भर्ती हुए और इन सभी को छुट्टी दी जा चुकी है। दिल्ली में इन देखभाल डिब्बों में सभी 1200 बिस्तर इस समय उपलब्ध हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सरकार से अब तक कोविड देखभाल डिब्बों की मांग नहीं आई थी, इसके बावजूद रेलवे ने फैजाबाद, भदोही, वाराणसी, बरेली और नजीबाबाद में प्रत्येक स्थान पर 10-10 डिब्बे पहले से ही उपलब्ध करा दिये हैं। इन 50 कोविड देखभाल डिब्बों की कुल क्षमता 800 बिस्तरों की है। हिन्दुस्थान समाचार/सुशील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in