india-wants-central-role-of-asean-in-indo-pacific-initiative-s-jaishankar
india-wants-central-role-of-asean-in-indo-pacific-initiative-s-jaishankar

हिन्द-प्रशांत पहल में आसियान की केन्द्रीय भूमिका चाहता है भारत: एस. जयशंकर

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दोहराया है कि हिन्द-प्रशांत पहल के संबंध में भारत दक्षिण पूर्व एशिया के देशों (आसियान) की केंद्रीय भूमिका चाहता है। विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद में इस विश्व संस्था के क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय संगठनों के साथ संबंधों पर आयोजित खुली चर्चा में कहा कि भारत आसियान, अफ्रीकी संघ और बंगाल की खाड़ी के आसपास के देशों के संगठन बिम्सटेक के जरिए इस क्षेत्र में विकास, शांति और स्थायित्व के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सामने आज केवल भौगोलिक सीमाओं और राजनीति से संबंधित विवाद ही नहीं है, बल्कि उनसे आतंकवाद, धार्मिक उन्माद, मादक द्रव्यों की तस्करी और संगठित अपराध की चुनौती का भी सामना है। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अस्तित्व में आई अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के सामने आज अनेक गंभीर चुनौतियां पेश हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए संयुक्त राष्ट्र और क्षेत्रीय एवं उप क्षेत्रीय संगठनों के बीच सहयोग बेहद आवश्यक है। एस. जयशंकर ने आपसी विश्वास कायम करने और वार्ता के जरिए संघर्षों को समाप्त किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक स्वतंत्र, मुक्त और समावेशी हिन्द-प्रशांत क्षेत्र चाहता है, जहां अंतरराष्ट्रीय कानूनों और नियमों का पालन हो। इस क्षेत्र में आसियान देशों की केंद्रीय भूमिका है। हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in