india-does-not-accept-the-act-of-destabilizing-the-nation-by-spreading-propaganda-of-foreign-powers-yogi-adityanath
india-does-not-accept-the-act-of-destabilizing-the-nation-by-spreading-propaganda-of-foreign-powers-yogi-adityanath

विदेशी शक्तियों का प्रोपेगेंडा फैलाकर राष्ट्र को अस्थिर करने का कृत्य भारत को स्वीकार नहींः योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 03 फरवरी (हि.स.)। देश में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट करने वाली अमेरिकी पॉप गायिका रिहाना इस वक्त सोशल मीडिया पर छायी हुई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे लोगों पर निशाना साधते हुए कहा है कि विदेशी शक्तियों द्वारा दुष्प्रचार और प्रोपेगेंडा फैलाकर देश को अस्थिर करने के लिए किया गया कोई भी कृत्य भारत स्वीकार नहीं करेगा। मुख्यमंत्री ने बुधवार को कई ट्वीट करके विदेशी धरती से किसान आंदोलन को लेकर किए जा रहे ट्वीट करने वालों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, किसान बिल को लेकर कतिपय संगठनों द्वारा दर्ज किए गए विरोध के लिए प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत सरकार 11 बार किसानों से वार्ता कर चुकी है। उन्होंने कहा कि यह हमारा आंतरिक मामला है, और इसे हम अपने किसान भाइयों के साथ बातचीत कर सुलझाएंगे, लेकिन निहित स्वार्थों को लेकर विदेशी शक्तियों द्वारा प्रोपेगेंडा फैलाकर राष्ट्र को अस्थिर करने हेतु किया गया कोई भी कृत्य भारत स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि भारत, मानवता की सेवा हेतु सदैव तत्पर रहने वाला देश है। स्वप्रेरणा से अनेक राष्ट्रों को ’कोरोना वैक्सीन’ उपलब्ध कराना उस भावना का प्रत्यक्ष उदाहरण है। ’भारत विरोधी प्रोपेगेंडा’ चला रहे लोग अपने उद्देश्यों में असफल होंगे। विश्व जनमत भारत के साथ खड़ा है। निहित स्वार्थों के चलते देश के भीतर अथवा विदेशी शक्तियों द्वारा दुष्प्रचार एवं प्रोपेगेंडा फैलाकर राष्ट्र को अस्थिर करने हेतु किया गया कोई भी कृत्य भारत स्वीकार नहीं करेगा। हम सभी भारतवासी एक साथ हैं और अपने देश के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हम भारतवासी एकता के सूत्र में बंधे हैं। हमारी एकता, अखंडता व बंधुत्व की भावना के सम्मुख प्रत्येक ’राष्ट्र विरोधी षड्यंत्र’ को असफल होना ही पड़ेगा। उन्होंने ट्वीट के अन्त में जय हिंद-जय भारत लिखा। उल्लेखनीय है कि रिहाना ने ‘किसान आन्दोलन’ का समर्थन करते हुए पूछा था कि लोग इस पर बात क्यों नहीं कर रहे हैं? इस दौरान उन्होंने एक खबर भी शेयर की थी, जिसमें भारत सरकार पर अनर्गल आरोप लगाए गए थे। इंटरनेट बंद करने और किसानों पर ‘अत्याचार’ की बातें की गई थीं। रिहाना ने जिस खबर को शेयर किया था, उसमें दावा किया गया है कि दिल्ली में केन्द्र सरकार ने इंटरनेट कनेक्शन काट दिया है और किसानों के साथ पुलिस अत्याचार कर रही है। ग्रेटा थनबर्ग ने भी रिहाना का समर्थन किया। इसके बाद बॉलीवुड की हस्तियों सहित अन्य लोगों ने ऐसे आरोप लगाने वालों को आईना दिखाते हुए पलटवार किया और लोगों से प्रपोगेंडा के प्रभाव में नहीं आने की अपील की। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in