in-the-presence-of-nitish-kumar-jdu39s-new-national-president-was-elected-mp-lalan-singh
in-the-presence-of-nitish-kumar-jdu39s-new-national-president-was-elected-mp-lalan-singh

नीतीश कुमार की मौजूदगी में जदयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए सांसद ललन सिंह

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में यहां जंतर मंतर रोड स्थित पार्टी कार्यालय में शनिवार को हुई जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। ललन सिंह, बिहार की मुंगेर लोकसभा सीट से सांसद हैं। निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री बन जान के बाद से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से ललन सिंह का चुनाव हुआ है। यहां पार्टी कार्यालय पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार की सायं साढ़े 4 बजे से जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई। इस दौरान आरसीपी सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हुए अगले अध्यक्ष के तौर पर सांसद ललन सिंह का नाम प्रस्तावित किया। जिसका सभी सदस्यों ने समर्थन किया। जनता दल युनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के सभी सांसद और सभी प्रदेशों के अध्यक्ष ने हिस्सा लिया। दरअसल, पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को हाल ही में मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार के दौरान मंत्री बनाया गया था, जिसके बाद से ही अध्यक्ष पद पर नए व्यक्ति की ताजपोशी तय मानी जा रही थी। क्योंकि केंद्र सरकार में मंत्री बन जाने के बाद संगठन के लिए समय निकालना आरसीपी सिंह के मुश्किल साबित हो रहा था। बता दें कि पिछले साल दिसंबर में पहले आरसीपी सिंह जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बने थे और बाद में पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। ललन सिंह और नीतीश की दोस्ती पुरानी मुंगेर से लोकसभा सांसद ललन सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दोस्ती बहुत पुरानी है। 70 के दशक से दोनों एक दूसरे के शुभचिंतक रहे हैं। खास बात है कि जनता दल युनाइडेट(जदयू) की स्थापना के समय से ललन सिंह, नीतीश कुमार के साथ बने हुए हैं। ललन सिंह पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शुमार हैं। लालू यादव के खिलाफ नीतीश के साथ मिलकर ललन सिंह हमेशा से मोर्चा खोलते रहे हैं। एनडीए कोटे से मोदी सरकार में मंत्री बनने की रेस में भी ललन सिंह का नाम चल रहा था, हालांकि पार्टी ने आरसीपी सिंह का नाम आगे बढ़ाया था। ऐसे में अब उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। --आईएएनएस एनएनएम/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in