in-the-meeting-of-bjp-officials-modi-gave-the-mantra-of-victory-in-the-assembly-elections-of-five-states
in-the-meeting-of-bjp-officials-modi-gave-the-mantra-of-victory-in-the-assembly-elections-of-five-states

भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में मोदी ने दिया पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र

- कहा, कोराना महामारी के दौरान भारत ने दुनिया के सामने पेश की मिसाल नई दिल्ली, 21 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों में जीत का मंत्र देकर उन्हें रवाना किया। एकदिवसीय बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी की चुनौती से निपटते हुए दुनिया के सामने भारत को एक मिसाल के तौर पर पेश किया। इतना ही नहीं भारत ने 17 देशों को वैक्सीन भेजकर उनकी मदद की। रविवार को भाजपा पदाधिकारियों की एक दिवसीय बैठक का यहां एनडीएमसी कंवेंशन सेंटर में आयोजन किया गया। इस बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह-प्रभारी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और मोर्चों के अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक का उद्धाटन प्रधानमंत्री मोदी और अध्यक्षता जेपी नड्डा ने की। महासचिव भूपेन्द्र यादव ने बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने एक प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव में कोरोना महामारी और इस दौरान सरकार के कामकाज की सराहना की गई। इसी प्रस्ताव में कृषि समेत अन्य क्षेत्रों में सरकार के कामकाज, राजनैतिक विषय शामिल रहे। हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने इसका समर्थन किया और विभिन्न पदाधिकारियों के सुझाव के बाद यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। यादव ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का जो मिशन है, वो केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं है बल्कि उसके लिए प्राथमिकता देश के लिए बड़ा काम करने का है, देश को बड़ा बनाने का है। सबका साथ, सबका विकास भाजपा का मूल मंत्र है। इस मूल मंत्र की थ्योरी को लेकर भाजपा देश में सकारात्मक कार्य कर रही है। भारत के किसानों की उत्पादन, भंडारण और वितरण की सुविधा के लिए नए कृषि कानून बनाए गए। देश के कृषि क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर, किसानों के उत्पाद के मूल्य में वृद्धि करने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। भाजपा महासचिव ने बताया कि कृषि सुधार कानूनों के लाभ के बारे में किसानों को अवगत कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ता मंडल, गांव स्तर पर जाकर बैठक करें और उन्हें इसके फायदे बताएं। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के तहत बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं और नेतृत्व का आभार जताया गया। इसके साथ ही लद्दाख, जम्मू कश्मीर तथा तमाम चुनाव-उपचुनाव में मिली सफलता के लिए उन्हें बधाई दी गई। यादव ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक कार्यों की चर्चा की गई। हिमाचल में विस्तारक योजना, कर्नाटक में मंडल स्तर तक पार्टी को बढ़ाने की योजना की सराहना करते हुए इसे दूसरे राज्यो में आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने समापन भाषण में सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत वह वोकल फॉर लोकल अभियान, स्वदेशी उत्पाद अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें और इसे आगे बढ़ाएं। उन्होंने पांच राज्यों (पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी) के विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों में जुट जाएं। यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कोरोना महामारी से लेकर हर समय सरकार का विरोध करती रही है। यही कारण है कि कांग्रेस विरोध के ग्रहण में अंधियारें में चली जा रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में आगे के कार्यक्रंमों पर भी सहमति बनी है। पार्टी आगामी 6 अप्रैल को अपने स्थापना दिवस को देशभर में मनाएगी। 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिला स्तर पर कार्यक्रम कर उनका संदेश पहुंचाने का काम करेगी। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in