i-will-try-to-clear-the-water-of-yamuna-during-kumbh-hemamalini
i-will-try-to-clear-the-water-of-yamuna-during-kumbh-hemamalini

कुंभ के दौरान यमुना का जल निर्मल करने का करूंगी प्रयास : हेमामालिनी

- यमुना की निर्मलता में कमी होने पर संतों-महंतों की भावना को न लगे ठेस : हेमामालिनी मथुरा, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की मथुरा से सांसद हेमामालिनी ने कहा है कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर वृन्दावन कुंभ के अगले दो शाही स्नानों पर यमुना के जल को निर्मल बनवाने का प्रयास करेंगी। कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक का पहला शाही स्नान 27 फरवरी को हुआ था जिसमें साधु-संतों ने भव्य शोभायात्रा निकाली थी तथा जिला प्रशासन ने हेलीकाप्टर पुष्प वर्षा कराई थी। यमुना में स्नान के दौरान दूषित जल होने से कई साधु संतों ने ऐलान किया था कि अगर जिला प्रशासन यमुना स्वच्छ नहीं करेगा तो वह अगला शाही स्नान नहीं करेंगे तथा आंदोलन को बाध्य होंगे। इस पर मंगलवार को मीडिया से रूबरू सांसद हेमामालिनी ने कहा कि कुंभ में स्नान और संतों के दर्शन करने के लिए बहुत अधिक संख्या में लोग विभिन्न प्रांतों तक से आ रहे हैं जिसके कारण इस बार का वृन्दावन कुंभ ’बैठक” होने के बावजूद एक प्रकार से मिनी कुंभ बन गया है। वे नहीं चाहेंगी कि यमुना की निर्मलता में कमी के कारण किसी प्रकार संतों, महन्तों की भावना को ठेस पहुंचे इसलिए ही उन्होंने मुख्यमंत्री से यमुना में अधिक गंगा जल छोड़ने की व्यवस्था के लिए अनुरोध करने का निश्चय किया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने वृन्दावन कुंभ के लिए बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की हैं, उन्हें खुशी है कि मुख्यमंत्री से जिस प्रकार कुंभ की व्यवस्थाएं करने का अनुरोध किया गया था उससे कई गुना बेहतर व्यवस्थाएं सरकार ने की हैं। यमुना के जल को शुद्ध और निर्मल बनाने के लिए वे संकल्पित हैं। उन्होंने यमुना को निर्मल करने के लिए कहा कि वे दिल्ली के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दिल्ली में यमुना को निर्मल बनाने के लिए कहेंगी क्योंकि जब तक दिल्ली में यमुना निर्मल नही होगी उत्तर प्रदेश में यमुना निर्मल नही हो सकेगी। मथुरा के नाले यमुना में न गिरें इसके लिए नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत जो छुटपुट नाले गिर रहे हैं उन्हे भी रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें खुशी है कि नगर निगम ने कुंभ क्षेत्र में सफाई की अच्छी व्यवस्था कर रखी है जिसके कारण नित्य हजारों लोगों के कुंभ क्षेत्र में आने के बावजूद सफाई व्यवस्था बेहतर बनी हुई है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार का वृन्दावन कुंभ नई इबारत लिखेगा। हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in