demand-raised-in-india-lok-sabha-to-campaign-for-restoration-of-democracy-in-myanmar
demand-raised-in-india-lok-sabha-to-campaign-for-restoration-of-democracy-in-myanmar

म्यांमार में लोकतंत्र बहाली के लिए मुहिम चलाए भारत, लोकसभा में उठी मांग

नई दिल्ली, 13 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा में पड़ोसी देश म्यांमार में सेना द्वारा तख्तापलट करने की घटना की आज निंदा करते हुए भारत सरकार से आग्रह किया गया कि वह म्यांमार में लोकतंत्र बहाली के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुहिम चलाए । लोकसभा में शनिवार को शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस के मनीष तिवारी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तापिर गांव ने म्यांमार के घटनाक्रम का उल्लेख किया। मनीष तिवारी ने कहा कि म्यांमार में निर्वाचित सरकार के खिलाफ सेना के तख्तापलट और लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई प्रधानमंत्री आंग सान सू की एवं वहां के राष्ट्रपति की गिरफ्तारी चिंता विषय है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत पर यह जिम्मेदारी है कि वह इस पड़ोसी देश में लोकतंत्र की बहाली के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुहिम चलाए। उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य है तथा उसे लोकतंत्र बहाली के लिए एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय समूह तैयार करना चाहिए। तापिर गांओ ने कहा कि म्यांमार के साथ भारत के अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम राज्यों की सीमाएं मिलती हैं। इन राज्यों में सक्रिय कई उग्रवादी संगठन के नेताओं और कैडर ने म्यांमार में अड्डे बनाए रखे हैं। इनके खिलाफ भारत-म्यांमार की सेना मिलकर कार्रवाई करती रही है। उन्होंने म्यांमार की घटना को भारत के लिए चिंता का विषय बताते हुए कहा कि वहां लोकतंत्र बहाली के लिए सरकार को प्रयास करना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत/सुफल-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in