dayanand-ji39s-views-are-classy-and-still-inspire-and-encourage-us-today-speaker-of-lok-sabha
dayanand-ji39s-views-are-classy-and-still-inspire-and-encourage-us-today-speaker-of-lok-sabha

दयानंद जी के विचार कालजयी हैं और आज भी हमें प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं: लोक सभा अध्यक्ष

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महर्षि दयानंद सरस्वती के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वह दूरदर्शी नेता थे और राष्ट्रवादी विचारधारा तथा सामाजिक प्रगति को दिशा प्रदान करने में उनके द्वारा निभायी गई भूमिका को सदा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दयानंद जी के विचार कालजयी हैं और आज भी हमें प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं। बिरला ने शुक्रवार को यहां आयोजित तीसरे डीएवी यूनाइटेड समारोह को संबोधित किया। इस समारोह का आयोजन डीएवी यूनाइटेड फाउंडेशन द्वारा किया गया था। इस अवसर पर संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने 1857 के स्वतंत्रता-संग्राम को नेतृत्व एवं दिशा प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाई थी। उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद, वीर सावरकर, राम प्रसाद बिस्मिल, लाला लाजपत राय और भगतसिंह जैसे कई देशभक्तों को प्रेरित और प्रोत्साहित किया। बिरला ने कहा कि शिक्षा के जरिए ही सामाजिक परिवर्तन को संभव बनाया जा सकता है और डीएवी संस्थानों ने इस महान परंपरा को बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि डीएवी देश के अत्यंत दूरदराज के क्षेत्रों में भी शिक्षा प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और इस प्रकार से वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने का प्रयास करते हुए राष्ट्र की प्रगति में महान महती योगदान देता रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने अपने संबोधन में कहा कि विगत कुछ वर्षों के दौरान विश्व भर में भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि काफी बेहतर हुई है और हमारा देश और अधिक आत्मविश्वास पूर्ण राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपनी नियति को लेकर आत्मविश्वास से भरा होता है, वह निश्चित रूप से समृद्धि प्राप्त करता है। उन्होंने भारत के युवाओं के आत्मविश्वास की सराहना की, जिन्होंने वैश्विक महामारी से निपटने की प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के जज्बे को देखते हुए उन्हें पूरा विश्वास है कि युवा अपनी प्रतिबद्धता,नवोन्मेष, ज्ञान और ऊर्जा के जरिये आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in