dadi-ratan-mohini-became-the-new-chief-administrator-of-the-international-organization-brahma-kumaris
dadi-ratan-mohini-became-the-new-chief-administrator-of-the-international-organization-brahma-kumaris

दादी रतनमोहिनी बनीं अंतरराष्ट्रीय संस्था ब्रह्माकुमारी की नई मुख्य प्रशासिका

सिरोही, 15 मार्च (हि.स.)। आबूरोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान की प्रमुख दादी हृदयमोहिनी के निधन के बाद 94 वर्षीय राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी को अंतरराष्ट्रीय संस्था की नई मुख्य प्रशासिका नियुक्त किया गया है। संस्थान की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और कोर कमेटी की बैठक के बाद सोमवार को यह निर्णय किया गया। संस्था की चीफ राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी के देवलोकगमन के बाद कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम पर मोहर लगी। दादी रतनमोहिनी इससे पहले संस्थान की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका के पद पर नियुक्त थीं। संस्था के मीडिया निदेशक बीके करुणा भाई ने बताया कि दादी रतन मोहिनी सबसे वरिष्ठ हैं और कमेटी की बैठक में यह निर्णय किया गया है कि दादी रतनमोहिनी संस्थान की अगली चीफ होंगी। उन्होंने बताया कि 94 वर्षीय दादी रतनमोहिनी फिलहाल संस्थान के युवा प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। साथ ही वर्तमान में संस्था में सबसे वरिष्ठ होने के साथ ब्रह्माकुमारीज संस्थान की फाउंडर मेंबर में से एक हैं। वे बचपन से ही संस्थान से जुडक़र अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्व की ऐसी पहली संस्था है जिसका संचालन लगातार नारी शक्ति ही करती आईं हैं। उन्होंने बताया कि कि संस्थान में 46 हजार ब्रह्माकुमारी बहनें समर्पित रूप से सेवाएं दे रही हैं। विश्व के 140 देशों में संस्था के 4500 से अधिक सेवाकेंद्रों पर 12 लाख से अधिक नियमित विद्यार्थी आध्यात्मिक ज्ञान का पठन-पाठन और श्रवण करते हैं। संस्था स्वपरिवर्तन से विश्व परिवर्तन के नारे के साथ पिछले 85 वर्षों से कार्य कर रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in