गांदरबल, 29 दिसम्बर (हि.स.)। गांदरबल जिले में ग्रेनेड हमले में गंभीर रूप से घायल सीआरपीएफ के एएसआई ने छह दिन बाद मंगलवार को उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। शहीद जवान की पहचान नेत्रपाल सिंह के तौर पर हुई है। 23 दिसम्बर को गांदरबल जिले के तवहीद चौक पर आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमला किया था। इस हमले में पुलिस, सीआरपीएफ तथा रूरल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के कर्मचारी घायल हो गए थे। जम्मू.कश्मीर पुलिस में कांस्टेबल मृत्युंजय ने अगले दिन 24 दिसम्बर को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। नेत्रपाल सिंह ग्रेनेड हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें श्रीनगर के सौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छह दिन बाद मंगलवार को इलाज के दौरान जवान ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसी के साथ गांदरबल हमले में शहीद होने वाले जवानों की संख्या अब दो हो गई है। हिन्दुस्थान समाचार/बलवान-hindusthansamachar.in