controversy-deepens-in-mumbai-pradesh-congress-complaint-reaches-sonia
controversy-deepens-in-mumbai-pradesh-congress-complaint-reaches-sonia

मुंबई प्रदेश कांग्रेस में विवाद गहराया, सोनिया तक पहुंची शिकायत

मुंबई, 16 जून (हि.स.)। कांग्रेस विधायक जिशान सिद्दीकी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर मुंबई प्रदेश कांग्रेस में भेदभाव की शिकायत की है। जिशान सिद्दीकी ने इस पत्र की प्रति कांग्रेस नेता राहुल गांधी, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी एचके पाटिल, केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को भी भेजी है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मे लोकतंत्र है, सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। वे जिशान सिद्दीकी से बात कर उनकी शिकायत को दूर करेंगे। जिशान सिद्दीकी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को लिखे पत्र में कहा है कि पार्टी में उन्हें अलग-थलग रखने का प्रयास किया जा रहा है। उनके विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री सतेज पाटिल को आमंत्रित किया गया था। स्थानीय विधायक होने के बावजूद उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था। इसी तरह उनके क्षेत्र में ही उन्हें पार्टी में हाशिए पर रखने का प्रयास किया जा रहा है। मुंबई प्रदेश अध्यक्ष भाई जगताप ने इस मामले में कहा कि मुंबई में कांग्रेस पार्टी के चार विधायक हैं। जिशान सिद्दीकी इनमें सबसे युवा हैं, इसलिए उनकी महत्वाकांक्षा अधिक है। मुंबई प्रदेश कांग्रेस में पूरी तरह लोकतंत्र है, इसलिए सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। नाराज कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष से अपनी बात कह सकता है लेकिन वह खुद इस मामले में जिशान सिद्दीकी से बात करेंगे और उनकी शिकायत दूर करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in