chief-minister-of-chhattisgarh-wrote-letter-to-defense-minister-on-the-issue-of-army-camp
chief-minister-of-chhattisgarh-wrote-letter-to-defense-minister-on-the-issue-of-army-camp

छत्‍तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने थलसेना की छावनी के मुद्दे पर रक्षामंत्री को ल‍िखा पत्र

नई दिल्ली, 20 फरवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर बिलासपुर में थलसेना की लंबित छावनी की जल्द स्थापना करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने रक्षामंत्री का ध्यान राज्य के विकास की दिशा में सैन्य संस्थानों के विकास के प्रयास की ओर आकर्षित करते हुए लिखा है कि राज्य ने लगभग 1000 एकड़ भूमि रक्षा मंत्रालय को बिलासपुर में थलसेना की छावनी की स्थापना के लिए आवंटित की हुई है। इसकी स्थापना की प्रक्रिया लंबित है। आरंभ में थलसेना छावनी की स्थापना के लिए इसके साथ हवाई पट्टी की आवश्यकताओं को बताया गया था। राज्य सरकार ने इस इलाके की विमानन आवश्यकताओं के दृष्टिगत इस हवाई पट्टी का विस्तार कराकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। बिलासाबाई केवटींन हवाईअड्डा, बिलासपुर अब डीजीसीए द्वारा 3सी वीएफआर कैटगरी में मान्यता प्राप्त है। अब ये हवाई पट्टी सिविल एविएशन एवं थलसेना की विमानन संबंधित आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि आगामी एक मार्च से बिलासपुर से व्यावसायिक यात्री सेवाएं आरंभ हो रही हैं। राज्य सरकार चक्रभाठा, बिलासपुर में थलसेना छावनी की स्थापना के लिए उत्सुक है। राज्य में आर्मी छावनी की स्थापना से न केवल इस इलाके के समुचित विकास में गति आएगी बल्कि थलसेना सेवा के अवसर राज्य के युवाओं को सहजता से उपलब्ध भी होंगे। थलसेना की छावनी राज्य में नक्सलवादी उग्रवाद के उन्मूलन की दिशा में भी सहायक होगी। बघेल ने कहा कि थलसेना छावनी की स्थापना से राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार को होने वाले लाभों के मददेनजर, राज्य सरकार रक्षा मंत्रालय से इसकी स्थापना शीघ्रातिशीघ्र करने के लिए आग्रह करना चाहती है। इस दिशा में राज्य सरकार रक्षा मंत्रालय एवं थलसेना की अन्य संबंधित आवश्यकताओं पर भी विचार करने के लिए तैयार है। इस संदर्भ में रक्षा मंत्रालय के साथ कार्य करने के लिए राज्य सरकार तत्पर है। हिन्दुस्थान समाचार/सुशील

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in