center-approves-appointment-and-transfer-of-13-chief-justices-in-high-courts
center-approves-appointment-and-transfer-of-13-chief-justices-in-high-courts

केंद्र ने हाईकोर्टो में 13 मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और तबादले को दी मंजूरी

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इलाहाबाद और मध्य प्रदेश सहित आठ हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के अलावा अन्य हाईकोर्ट में पांच मुख्य न्यायाधीशों के स्थानांतरण को मंजूरी दी है। न्याय विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, कलकत्ता उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश राजेश बिंदल अब इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव अब कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। इसी तरह, कर्नाटक उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा अब तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे, जबकि मेघालय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति रंजीत वी. मोरे उसी अदालत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ऋतु राज अवस्थी अब कर्नाटक उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश होंगे। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अरविंद कुमार अब गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे, जबकि आर.वी. मलीमथ, जो हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश हैं, अब मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 17 सितंबर को एक बड़े फैसले में विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के रूप में आठ न्यायाधीशों की पदोन्नति की सिफारिश की थी। कॉलेजियम की इस सिफारिश पर अब केंद्र ने एक्शन लिया है। विभिन्न उच्च न्यायालयों में आठ नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के अलावा, केंद्र ने राजस्थान उच्च न्यायालय में त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अकील ए. कुरैशी के तबादले को भी अधिसूचित किया है। राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश इंद्रजीत महंती को त्रिपुरा उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया है। मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विश्वनाथ सोमद्दर को सिक्किम उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि ए.के. गोस्वामी को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद से तबादला करते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में भेज दिया गया है। --आईएएनएस एकेके/एसजीके

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in