case-registered-against-5-shiv-sainiks-who-stopped-bjym39s-demonstration-in-dadar
case-registered-against-5-shiv-sainiks-who-stopped-bjym39s-demonstration-in-dadar

दादर में भाजयुमो का प्रदर्शन रोकने वाले 5 शिवसैनिकों पर मामला दर्ज

मुंबई, 16 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भाजयुमो के प्रदर्शन को रोकने वाले 5 शिवसैनिकों पर माहीम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। भाजपा नेता व पूर्व मंत्री आशीष शेलार ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इन शिवसैनिकों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। शिवसेना के मुखपत्र में बुधवार को अयोध्या में हुए कथित जमीन घोटाले के बारे में संपादकीय लिखी गई थी। इसके विरोध में भाजयुमो नेता तेजिंदर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता शिवसेना भवन के पास बुधवार को प्रदर्शन करने वाले थे। इसकी जानकारी मिलते ही शिवसैनिक शिवसेना भवन के पास जमा हो गए। स्थानीय पुलिस प्रदर्शन करने वाले भाजयुमो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन ले जाने लगी। इसी दौरान शिवसेना व भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। स्थानीय पुलिस ने इस दौरान हल्का लाठीचार्ज करके दोनों तरफ के कार्यकर्ताओं को शांत किया। इसके बाद भाजपा नेता आशीष शेलार, विधानपरिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने माहिम पुलिस स्टेशन का घेराव किया। इसके बाद इस मामले में 5 शिवसैनिकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद आशीष शेलार ने कहा कि जब तक आरोपित शिवसैनिकों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक भाजपा चुप नहीं बैठने वाली है। हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/सुनीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in