bjp-mp-sambhaji-raje-bhosale-to-meet-chief-minister-on-maratha-reservation-issue
bjp-mp-sambhaji-raje-bhosale-to-meet-chief-minister-on-maratha-reservation-issue

मराठा आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मिलेंगे भाजपा सांसद संभाजी राजे भोसले

मुंबई, 16 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य छत्रपति संभाजी राजे भोसले ने बुधवार को कहा कि मराठा आरक्षण के मुद्दे पर वह मराठा समाज के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय गुरुवार को तय होगा। मराठा समाज ने सांसद भोसले के नेतृत्व में कोल्हापुर में आरक्षण के लिए बुधवार को मौन धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्य सरकार के ग्राम विकास मंत्री हसन मुश्रीफ एवं राज्यमंत्री सतेज पाटिल, शिवसेना सांसद धैर्यशील माने, वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर, विनय कोरे सहित सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने मराठा आरक्षण के समर्थन से संबंधित पत्र संभाजी राजे को सौंपा। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा कि मराठा आरक्षण के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी। इसके लिए मराठा समाज के लोगों को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात करनी चाहिए। इसके बाद सांसद भोसले ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से मराठा आरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन मिला है। इसी वजह से वह मराठा समाज के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलकर इस विषय पर विस्तृत चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकरे ने मिलने का आश्वासन भी दिया है लेकिन आरक्षण के लिए मराठा समाज का आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर उपस्थित संभाजी राजे के पिता छत्रपति शाहू महाराज ने कहा कि यह लड़ाई अकेले संभाजी की नहीं है, राज्य के सभी 48 सांसदों को एकजुट होना आवशयक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को मराठा आरक्षण के लिए संविधान में संशोधन करना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in