bjp-made-railway-minister-ashwini-vaishnav-in-charge-of-dadra-and-nagar-haveli-lok-sabha-by-elections
bjp-made-railway-minister-ashwini-vaishnav-in-charge-of-dadra-and-nagar-haveli-lok-sabha-by-elections

भाजपा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बनाया दादर और नगर हवेली लोकसभा उपचुनाव का प्रभारी

इस केंद्र शासित प्रदेश की दादरा और नगर हवेली लोकसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर भाजपा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को चुनाव प्रभारी बनाया है और साथ ही दो सह-प्रभारियों की नियुक्ति की भी घोषणा की है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बयान जारी कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को दादर और नगर हवेली सीट पर होने वाले लोकसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव के मुताबिक गुजरात के पूर्व मंत्री और विधायक गणपत सिंह वसावा और गुजरात से ही विधायक पियूष भाई देसाई को इस केंद्र शासित प्रदेश में होने जा रहे लोकसभा उपचुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया गया है। चुनाव आयोग द्वारा हाल ही में घोषित किए गए चुनाव कार्यक्रम के अनुसार दादर और नगर हवेली लोकसभा सीट पर इसी महीने की 30 तारीख को उपचुनाव होना है। उपचुनाव के नतीजे 2 नवंबर को आ जाएंगे। दरअसल, दादर और नगर हवेली लोकसभा सीट से 2019 के लोकसभा चुनाव में जीते निर्दलीय सांसद मोहन डेलकर की मृत्यु की वजह से यह सीट खाली हो गई थी। डेलकर का शव इसी साल फरवरी में मुंबई के एक होटल में फंदे से लटका मिला था। आपको बता दें कि इस लोकसभा सीट से भाजपा लगातार चुनाव जीतती रही है। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नाथूभाई पटेल को 9001 वोट के अंतर से निर्दलीय उम्मीदवार मोहन डेलकर से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर नाथूभाई पटेल ने ही जीत का परचम लहराया था। --आईएएनएस एसटीपी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in