bjp-gears-up-for-the-assembly-elections-will-launch-an-army-of-402-expansionists
bjp-gears-up-for-the-assembly-elections-will-launch-an-army-of-402-expansionists

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर, उतारेगी 402 विस्तारकों की फौज

लखनऊ, 12 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संगठनात्मक तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में 2017 और 2019 की तरह पार्टी हर एक विधानसभा में विस्तारक की फौज उतारने जा रही है जो पार्टी की जमीन तैयार करने का काम करेंगे। भाजपा ने मिशन 2022 को देखते हुए हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक विस्तारक की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं में से विस्तारकों के चयन की क्षेत्रवार शुरुआत हुई है। विस्तारकों का चयन होने के बाद उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर विस्तारक को अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्र में रहना होगा। शुरुआती दौर में क्षेत्र की चुनावी स्थिति, मौजूदा विधायक की छवि और संभावित दावेदार, विपक्षी दलों की स्थिति, कार्यकर्ताओं के संतोष सहित अन्य मुद्दों पर फीडबैक लेकर संगठन को देंगे। यह विस्तारक क्षेत्र में रहकर पार्टी की चुनावी गतिविधियों को रफ्तार देंगे। विधानसभा क्षेत्र में बूथ प्रबंधन से लेकर चुनाव प्रचार के प्रबंधन तक का कार्य इन्हीं के कंधों पर रहेगा। विस्तारक स्थानीय संगठन के अधीन नहीं होकर सीधे प्रदेश मुख्यालय को रिपोर्ट करेंगे। भाजपा ने संगठन की ²ष्टि से काषी, अवध, पश्चिम, कानपुर, ब्रज, गोरखपुर को क्षेत्रों में बांटा और इन्हीं के हिसाब से जिले भी बनाए हैं। इसी आधार पर विस्तारक रखे जाएंगे। विस्तारकों का चयन होने के बाद उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। विस्तारक विधानसभा क्षेत्र में चुनाव सम्पन्न होने तक स्थायी रूप से निवास करेंगे। उनके निवास और भोजन की जिम्मेदारी संगठन उठाएगा। यह विस्तारक पार्टी के उच्च पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद की कड़ी भी बनेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष और उनकी टीम समय-समय पर विस्तारकों का मार्गदर्शन करेगी। विस्तारकों के प्रशिक्षण के लिए कार्यशाला लगेगी। इस दौरान उनके क्षेत्र और कार्य के बारे में बताया जाएगा। चुने गए हैं युवा भाजपाई विस्तारकों का चयन भाजपा और उसके अनुशांगिक संगठनों से किया जा रहा है। इनमें ज्यादातर विस्तारक विद्यार्थी परिषद से लिए जा रहे हैं। इसके पीछे पार्टी का मकसद युवाओं को तरजीह देना है। चूंकि चुनाव तक पूर्णकालिक कार्यकर्ता के तौर पर कार्य करना होगा, इसलिए चयन के दौरान कार्यकर्ताओं की पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी ध्यान में रखा जाएगा। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने बताया कि विस्तारकों की चयन प्रक्रिया चल रही है। प्रयास है कि इस माह से सभी विस्तारक अपनी अपनी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच जाएं। सभी का चयन नए सिरे से किया गया है। यह पूरा समय देकर पार्टी के लिए काम करेंगे। विस्तारक का कार्य सेक्टर, बूथ और मंडल लेवल पर संपर्क संवाद स्थापित करना होगा। समय-समय पर इनकी भूमिका बदलती रहेगी। --आईएएनएस विकेटी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in