गरीब किसान को खत्म करने, मुट्ठी भर लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए भाजपा लायी कृषि कानून: अखिलेश

BJP brought agriculture law to eliminate poor farmer, benefit a handful of people: Akhilesh
BJP brought agriculture law to eliminate poor farmer, benefit a handful of people: Akhilesh

लखनऊ, 15 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नए कृषि कानूनों को लेकर एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने शुक्रवार को आरोप लगाया कि इससे सिफ मुट्ठी भर लोग लाभान्वित होंगे और किसान खत्म हो जाएंगे। सपा अध्यक्ष ने विधान परिषद चुनावों में पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा का यह कैसा फैसला है कि गरीब किसान खत्म हो जाएं और मुट्ठी भर लोग लाभान्वित हों। किसानों के लिए काला कानून लाया गया, ऐसा कानून जिनसे कुछ लोगों को फायदा होगा। लेकिन, आम किसान को नहीं। नए कृषि कानूनों से किसानों की फसल और इसके उत्पादों पर नियंत्रण भी अन्य लोगों के हाथों में चला जाएगा। उन्होंने पार्टी उम्मीदवार अहमद हसन और राजेन्द्र चौधरी की जीत को लेकर विश्वास भी जताया। हालांकि, सपा विधायकों के संख्या बल पर एक सीट जीत सकती है। इसके बावजूद अखिलेश यादव ने दो उम्मीदवार उतारे हैं। दूसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए सपा को अतिरिक्त मत जुटाने पड़ेंगे। उसकी नजर कांग्रेस और सुभासपा विधायकों के साथ ही बसपा व भाजपा के बागियों पर है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में 2022 का विधानसभा चुनाव बहुत अलग तरह का होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग विशेष रूप से गरीब किसान, छोटे व्यापारी, दुकानदार, युवा, महिलाएं सभी भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए इंतजार कर रहे हैं। इस सरकार के कार्यकाल के दौरान, किसान सहित समाज के सभी वर्गों के लोग दुखी हैं। अखिलेश ने इससे पहले गुरुवार को भी किसान आन्दोलन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान आन्दोलन के 50 दिन पूरा होना, भाजपा सरकार के कृत्यों के स्मारक की एक और ईट साबित होगा। अब तो उनके समर्थक और कार्यकर्ता तक जनता का सामना करने की हिम्मत खो चुके हैं। किसानों के समर्थन में मध्यवर्ग का आना निर्णायक साबित हो रहा है। निरंतर जनाधार खोती भाजपा अकेली पड़ गयी है। मायावती को जन्मदिन पर दी बधाई सपा अध्यक्ष ने आज बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने ट्वीट किया कि सुश्री मायावती जी के जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं स्वस्थ-सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं। हालांकि मायावती ने अपने जन्मदिन के मौके पर आज अन्य विरोधी दलों सहित सपा पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस व समजवादी पार्टी के रहे शासनकाल में तथा वर्तमान में भाजपा के चल रहे शासनकाल में भी इनकी नीतियां व कार्यशैली को अब यहां कि जनता कतई भी पसन्द नहीं कर रही है। यही स्थिति उत्तराखण्ड में भी देखने को मिल रही है। इस मामले में यहां की जनता बसपा को ही सत्ता में लाने का अपना काफी कुछ मन बना चुकी है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in