biplab-dev-and-fadnavis-join-parivartan-yatra-claim-to-form-bjp-government-in-bengal
biplab-dev-and-fadnavis-join-parivartan-yatra-claim-to-form-bjp-government-in-bengal

परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए बिप्लब देव और फडनवीस, किया बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा

कोलकाता, 23 फरवरी (हि.स.)। विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में व्यापक जनसंपर्क के लिए भाजपा की ओर से चलायी जा रही परिवर्तन यात्रा में मंगलवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने अलग-अलग जगहों पर जनसभाएं की। दक्षिण 24 परगना के बारासात में विप्लव देव ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के मुताबिक तनख्वाह दी जाएगी। बिप्लब देव ने कहा कि त्रिपुरा की पूर्ववरिती वाममोर्चा सरकार राज्य के सरकारी कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग के मुताबिक वेतन देती थी लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली मीटिंग में सातवें वेतन आयोग के मुताबिक वेतन देने का निर्णय लिया गया और उसे लागू भी कर दिया गया है। इसी तरह जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार पश्चिम बंगाल में बनेगी तो सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के मुताबिक तनख्वाह मिलनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में नियम है कि सरकारी कर्मचारी की 60 साल की उम्र से पहले मारे जाने पर मृत्यु के समय उसकी आयु से लेकर 60 वर्ष की आयु तक उसका वेतन उसके परिवार के सदस्यों को दिया जाता है लेकिन ममता बनर्जी की सरकार ने ऐसी योजनाएं बंगाल में लागू नहीं की है। देव ने बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार बनते ही केंद्र के साथ बेहतर तालमेल होगा और बंगाल का विकास तेज गति से होने लगेगा। ---- देवेंद्र फडणवीस ने किया परिवर्तन का आह्वान - महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बंगाल भाजपा के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ कुलतली के जामताला इलाके में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। यहां हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एकत्रित हुए थे। उन्हें संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस बार जिस बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी की जनसभा में आ रहे हैं उससे साफ है कि बंगाल ने परिवर्तन का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां के किसानों, मजदूरों और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के मिलना शुरू हो जाएगा। फडनवीस ने कहा कि ममता बनर्जी ने अपने शासन के दौरान राजनीतिक प्रतिशोध में बंगाल के लोगों को केंद्रीय योजनाओं से वंचित रखा है। जैसे ही यहां भाजपा की सरकार बनेगी बंगाल के लोगों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा। उन्होंने कटमनी की संस्कृति को लेकर ममता प्रशासन पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा की सरकार आते ही सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/मधुप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in