bihar-rivers-in-spate-due-to-incessant-rains-water-reached-new-areas
bihar-rivers-in-spate-due-to-incessant-rains-water-reached-new-areas

बिहार: लगातार बारिश से नदियां उफान पर, नए इलाकों में पहुंचा पानी

पटना, 21 जून (हि.स.)। नेपाल और बिहार के जल अधिग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से गंडक, बागमती, कोसी और गंगा सहित सभी छोटी नदियां उफान पर हैं। जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है तो दूसरी ओर नए इलाकों में भी पानी पहुंचने लगा है। गंगा नदी का जलस्तर बक्सर, पटना, मुंगेर, भागलपुर में जबरदस्त तरीके से बढ़ रहा है। गंडक में पानी बढ़ने से मुजफ्फरपुर, चंपारण और गोपालगंज के करीब दस हजार घरों में पानी घुस गया है। पटना में गंगा का जलस्तर करीब तीन मीटर बढ़ गया है। दीघाघाट पर इसका जलस्तर अब खतरे के निशान से मात्र 86 सेंटीमीटर नीचे रह गया है। गांधीघाट पर इसका जलस्तर 58 सेंटीमीटर बढ़ा और यहां नदी खतरे के निशान से मात्र 1.45 मीटर नीचे है। हाथीदह में इसका जलस्तर 1.12 मीटर बढ़ा, जबकि मुंगेर में 1.16 मीटर और भागलपुर में 1.10 मीटर बढ़ गया। गंडक और कोसी भी लाल निशान पर पिछले 24 घंटे में करीब-करीब सभी प्रमुख नदियों के साथ-साथ पहाड़ी नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोत्तरी हुई है। गंडक नदी गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और वैशाली में लाल निशान के पार है। कोसी वीरपुर में 43 सेंमी और सहरसा में 9 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। महानंदा पूर्णिया और कटिहार में बढ़ रही है तो कमला बलान जयनगर में और परमान अररिया में लगातार ऊपर बढ़ती जा रही है। चंपारण में बाढ़ से तबाही जारी चम्पारण के इलाके में बाढ़ की विभीषिका बढ़ गई है। कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार में बाकी नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। वर्षा के कारण पूर्वी चम्पारण में बूढ़ी गंडक (सिकरहना) का पानी सुगौली, बंजरिया प्रखंड में तबाही मचा रहा है। इधर, मधुबनी, सीतामढ़ी व दरभंगा में बारिश से नदियों के जलस्तर में मामूली वृद्धि दर्ज की जा रही है। मुजफ्फरपुर के साहेबगंज व पारू में दो दर्जन गांवों में पानी घुस गया है। गोपालगंज के निचले इलाके में पानी बढ़ा गोपालगंज जिले के छह प्रखंडों के निचले इलाके में बाढ़ का कहर जारी है। दियारा इलाके के चार दर्जन गांवों का सड़क संपर्क भंग हो गया है। छह प्रखंडों के 25 विद्यालयों में पानी भरा होने से ग्रामीणों के समक्ष तटबंध पर शरण लेने की मजबूरी है। बाढ़ से 26 हजार की आबादी प्रभावित है। कुचायकोट, मांझा, बरौली, सिधवलिया, बैकुंठपुर व गोपालगंज प्रखंड के दियारा इलाके के 60 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in