bihar-five-including-four-children-died-in-saharsa-due-to-lightning
bihar-five-including-four-children-died-in-saharsa-due-to-lightning

बिहार : आकाशीय बिजली गिरने से सहरसा में चार बच्चों समेत पांच की मौत

पटना/सहरसा, 28 जून (हि.स.)। बिहार में मानसून के प्रवेद के बाद से ही सभी जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। अधिक बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। इसमें वज्रपात के कारण लोगों की जानें भी जा रही हैं। ताजा मामला सहरसा जिले का है। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। घटना सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र की है। यहां सरोजा पंचायत स्थित चकमका वार्ड नं 11 में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है। बताया जा रहा है कि बच्चे महिला के साथ मूंग तोड़ने गए थे। इस दौरान वज्रपात होने से सब के सब झुलस गए और उनकी मौत हो गई। बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून से बारिश के अभी जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक जुलाई तक राज्य में भारी बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग ने करीब-करीब पूरे बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य के कई इलाकों में बारिश और तेज गरज के साथ वज्रपात की आशंका है। बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, गोपालगंज सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, भभुआ, जहानाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in