राम मंदिर का भूमि पूजन देश के लिए एक गौरवशाली क्षण : डॉ. सुरेन्द्र जैन
राम मंदिर का भूमि पूजन देश के लिए एक गौरवशाली क्षण : डॉ. सुरेन्द्र जैन

राम मंदिर का भूमि पूजन देश के लिए एक गौरवशाली क्षण : डॉ. सुरेन्द्र जैन

नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केन्द्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेन्द्र जैन ने कहा है कि राम मंदिर का भूमि पूजन देश के लिए एक गौरवशाली क्षण है। इस राष्ट्रीय गौरव को कोई धूमिल नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अस्मिता के प्रतीक भगवान राम का मंदिर बनाने के लिए हिंदू समाज ने निरंतर संघर्ष किए हैं। 1984 से प्रारंभ हुए वर्तमान संघर्ष में तीन लाख से अधिक गांवों की सहभागिता के साथ 16 करोड़ राम भक्तों ने भाग लिया। 9 नवम्बर 2019 को सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय देने तक यह संघर्ष निरंतर चलता रहा। इस अद्वितीय अभियान का ही परिणाम है कि भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प एक-एक कदम आगे बढ़ते हुए साकार हो रहा है। नई दिल्ली में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. जैन ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन का इतिहास देश को 'आत्मग्लानि से आत्मविश्वास की ओर' जाने वाली एक अद्भुत गौरव यात्रा है। लगभग 1000 वर्षों तक विदेशी आक्रमणकारियों के विरुद्ध चले निरंतर संघर्ष के बाद हमने विजय प्राप्त की थी, परंतु छद्म धर्म-निरपेक्षता की विभाजनकारी राजनीति ने देश के स्वाभिमान को कुंठित करने का प्रयास निरंतर किया। हिंदू समाज को न केवल काल्पनिक आधारों पर बांटा जा रहा था अपितु हिंदुओं में एक हीन भावना का निर्माण भी किया जा रहा था। इस आंदोलन ने विभाजन की सभी रेखाओं को समाप्त कर दिया है। जाति, पंथ, भाषा, क्षेत्र आदि से ऊपर उठकर हिंदू संगठित हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रीय गौरव के परिणाम स्वरूप भारत में विभाजनकारी राजनीति जीवन के सभी क्षेत्रों से लुप्त होती जा रही है। संपूर्ण देश अब आत्मविश्वास से परिपूर्ण होकर हर क्षेत्र में कल्याणकारी परिवर्तन ला रहा है। साथ ही भारत वैश्विक मंच पर एक महाशक्ति के रूप में पदार्पण कर रहा है। विहिप के संयुक्त महामंत्री डॉ जैन ने कहा कि इस कल्याणकारी परिवर्तन की गति तेज होती जा रही है। भगवान राम के मंदिर का शीर्ष कलश स्थापित होने तक सभी विभाजनकारी तत्व पूर्ण रूप से निरर्थक व निष्तेज हो जाएंगे और आत्म गौरव स्वाभिमान एवं आत्मविश्वास से युक्त एक नए भारत का संकल्प साकार होगा। हिन्दुस्थान समाचार/ वीरेन्द्र-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in