bharatiya-jan-parivar-party-will-work-for-the-upliftment-of-the-underprivileged-poor-in-bihar
bharatiya-jan-parivar-party-will-work-for-the-upliftment-of-the-underprivileged-poor-in-bihar

बिहार में वंचितों, गरीबों के उत्थान के लिए काम करेगी भारतीय जन परिवार पार्टी

पटना, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जन परिवार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वी कुमार माली ने शनिवार को कहा कि बिहार में कई बार सत्ता परिवर्तन हुए हैं, लेकिन अब तक राज्य विकास के न्यूनतम पैमाने को भी नहीं छू पाया है। बिहार के लोग सत्ता परिवर्तन कर विकास का इंतजार करते हैं, लेकिन उनके साथ छल किया जाता है। पटना में शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए माली ने कहा कि भारतीय जन परिवार पार्टी विशेष तौर पर वंचितों गरीबों और पिछड़ों के उत्थान के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा, बिहार में कई बार सत्ता परिवर्तन हुए, लेकिन अब तक यह राज्य विकास के न्यूनतम पैमाने को भी नहीं छू पाया है। अस्पतालों की स्थिति बदतर है। स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। बेरोजगारी चरम पर है। लोग रोजगार के लिए दूसरे राज्य में अब तक पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कई वर्षो पहले राज्य में कई उद्योग-धंधे थे, लेकिन आज एक भी कारखाना बिहार में नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पंचायत स्तर तक मजबूत की जाएगी और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाएगा। उन्होंने संभावना जताते हुए कहा कि बिहार की जनता को एक नया विकल्प देगी। उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि इस पार्टी में किसी तरह का कोई भेदभाव नहीं रहेगा। हर तबके और समुदाय के लोग इस पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान जोरशोर से चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा पहला उद्देश्य राज्य के युवाओं को जोड़ना है, जिसके लिए शिक्षण संस्थानों का भी हमलोग दौरा करेंगे और युवाओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। --आईएएनएस एमएनपी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in