ayushman-card-made-of-two-crore-eligible-families-in-mp-health-minister-congratulates
ayushman-card-made-of-two-crore-eligible-families-in-mp-health-minister-congratulates

मप्र में दो करोड़ पात्र परिवारों के बने आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य मंत्री ने दी बधाई

भोपाल, 25 जनवरी (हि.स.)। आयुष्मान भारत निरामयम योजना में मध्यप्रदेश ने सोमवार को रिकार्ड दो करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाने की उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कार्ड बनाने के अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी पात्र परिवारों के कार्ड बनने तक अभियान जारी रहेगा। मंत्री डॉ. चौधरी ने सोमवार को मीडिया को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुसार, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप पर बढ़ते हुए आयुष्मान योजना में दो करोड़ कार्ड बनाने की उल्लेखनीय उपलब्धि विभाग ने प्राप्त की है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में आयुष्मान योजना में पात्रता रखने वाले परिवारों के कार्ड बनाने के अभियान में उल्लेखनीय योगदान पर सभी जिलों के कलेक्टर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को और अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इंदौर जिले ने सर्वाधिक 8 लाख 87 हजार 647, जबलपुर जिले ने 6 लाख 99 हजार 90 और भोपाल जिले ने 6 लाख 68 हजार 500 पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाकर उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कार्ड बनाने का कार्य नवम्बर 2020 से अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। इसके पूर्व लगभग एक करोड़ 40 लाख कार्ड बनाए गए थे। अभियान अन्तर्गत दो माह 25 दिन में लगभग 60 लाख कार्ड बनाए गए। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आयुष्मान कार्ड धारकों को योजना में चिन्हित आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त निजी और शासकीय अस्पतालों में निशुल्क उपचार की सुविधा भी मिल रही। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/राजू-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in