सिक्किम में लैंडस्लाइडिंग के बाद जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए सेना ने लगाया हेलीकाॅप्टर
सिक्किम में लैंडस्लाइडिंग के बाद जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए सेना ने लगाया हेलीकाॅप्टर

सिक्किम में लैंडस्लाइडिंग के बाद जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए सेना ने लगाया हेलीकाॅप्टर

कोलकाता, 25 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ है। कई जिले एक दूसरे से कट गए हैं। सड़कें पानी में डूब गई हैं और यातायात पूरी तरह से बाधित है। जनजीवन अस्त-व्यस्त है। जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए सेना ने अपने हेलीकॉप्टर को उतारा है। रक्षा मंत्रालय के पूर्वी कमान के प्रवक्ता मनदीप सिंह हुड्डा ने शनिवार को बताया कि सिक्किम सरकार के अनुरोध पर वायु सेना के मिग- 17वी 5 हेलीकॉप्टर को राहत और बचाव कार्य के लिए लगाया गया है। इसके जरिए मंगन से सेक्योंग जिले तक 5.5 टन अति आवश्यक सामानों को एअरलिफ्ट किया गया है। लगातार बारिश की वजह से सेक्योंग का मंगन जिले से संपर्क टूट गया है। इसके अलावा बाढ़ और भूस्खलन की वजह से आवाजाही भी पूरी तरह से बाधित है। इसीलिए हेलीकॉप्टर के जरिए जरूरी सामानों की आपूर्ति की जा रही है। मनदीप सिंह हुड्डा ने बताया कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक सेना के जवान लोगों के लिए राहत सामग्री वितरण में तत्पर रहेंगे। उल्लेखनीय है कि मानसून की वजह से पिछले कई दिनों से सटे इलाकों में लगातार भारी बारिश हो रही है। इसकी वजह से कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति है और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है, जिसकी वजह से संबंधित क्षेत्रों का संपर्क आसपास के इलाकों से कट गया है। वहां बिजली आपूर्ति तो पहले से ही बाधित है। साथ ही संचार के संसाधन भी ठप हो गए हैं, जिससे जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए सेना की मदद ली जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/बच्चन-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in