amit-shah-in-assam-in-the-last-phase-of-election-campaign
amit-shah-in-assam-in-the-last-phase-of-election-campaign

चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में अमित शाह असम में

गुवाहाटी, 04 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के तीसरे व अंतिम चरण में राज्य की 40 सीटों के लिए मतदान 06 अप्रैल को होंगे। इसके पहले चुनाव प्रचार के अंतिम रविवार को राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के गठबंधन की ओर से जमकर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। असम चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन चुनावी रैलियों में हिस्सा लेंगे। शाह सरभोग, बजाली और जालुकबारी में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि सरभोग से शंकर दास, बजाली से रंजीत डेका और जालुकबारी से डॉ हिमंत विश्वशर्मा भाजपा के उम्मीदवार हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री तथा प्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर धुबरी और फकीरगंज में चुनावी सभाओं में हिस्सा लेंगे। जबकि दूसरे केंद्रीय मंत्री तथा प्रदेश भाजपा के चुनाव सह प्रभारी डॉ. जितेंद्र सिंह केंद्रीय गृह मंत्री के साथ सरभोग की जनसभा में हिस्सा लेंगे। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम बोको और छयगांव में चुनाव प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल दक्षिण अभयापुरी और जालुकबारी में अपना अंतिम चुनाव प्रचार करेंगे। चुनावी जंग में रविवार को सबसे आकर्षक प्रचार जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र में होने की संभावना है। भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल डॉ. हिमंत विश्वशर्मा संभवतः पहली बार वहां अपने विधानसभा क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाएंगे। ज्ञात हो कि चुनाव आयोग ने डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के चुनाव प्रचार पर 48 घंटे की 02 अप्रैल को रोक लगायी थी। बाद में 03 अप्रैल को आयोग ने रोक 24 घंटे तक सीमित कर दिया, जिसके चलते माना जा रहा है कि डॉ विश्वशर्मा रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में विरोधियों पर जमकर गरजेंगे। 2016 के विधानसभा चुनाव में भी डॉ. विश्वशर्मा ने सिर्फ अंतिम दिन ही अपने चुनाव क्षेत्र में एक रैली की थी, बावजूद वे राज्य में सर्वाधिक मतों से जीते थे। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/ प्रभात ओझा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in