ambassador-of-nepal-nilambar-acharya-met-the-speaker-of-lok-sabha
ambassador-of-nepal-nilambar-acharya-met-the-speaker-of-lok-sabha

नेपाल के राजदूत नीलांबर आचार्य ने की लोकसभा अध्यक्ष से भेंट

नई दिल्ली 18 मार्च (हि.स.)। नेपाल के राजदूत नीलाम्बर आचार्य ने गुरुवार को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस अवसर पर बिरला ने भारत और नेपाल के बीच घनिष्ट संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच प्रगाढ़ संबंध हैं और दोनों देशों के बीच अतुलनीय मैत्री है। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि भारत और नेपाल बीच बहुआयामी सहयोग है, जिसमें रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, जल संसाधन, कृषि, मानवीय सहायता, सामाजिक-आर्थिक बुनियादी ढांचे के विकास के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने कोविड महामारी के विषय में कहा कि इस कठिन समय में भी भारत और नेपाल के बीच महामारी का संयुक्त रूप से मुकाबला करने तथा लोगों और अर्थव्यवस्थाओं पर इसके प्रभाव को कम करने में अनुकरणीय सहयोग रहा है। बिरला ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि भारत द्वारा नेपाल को भेंट किए गए दस लाख टीकों का नेपाल में स्वागत हुआ, जिससे नेपाल में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान को सहायता मिली है। भारत और नेपाल के संसदीय संबंधों के विषय में बिरला ने कहा कि भारत, दोनों देशों के बीच संसदीय आदान-प्रदान को अत्यधिक महत्व देता हैं और भारतीय संसद का उद्देश्य नियमित आदान-प्रदान के माध्यम से इन संबंधों को सुदृढ़ करना है। इस विषय पर आगे उन्होंने कहा कि 2019 में नेपाल की संसद में नेपाल-भारत संसदीय मैत्री समूह' का गठन किया गया था। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मैत्री समूह के माध्यम से भारत और नेपाल के सांसदों के बीच सहयोग और मित्रता को और अधिक प्रगाढ़ बनाया जा सकेगा। इससे पहले नीलाम्बर आचार्य ने भारत के लोकतंत्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत सम्पूर्ण विश्व के लिए प्रेरणा स्रोत है। नेपाल और भारत के नजदीकी संबंधों के विषय में आचार्य ने कहा कि नेपाल और भारत के सम्बन्ध इतिहास से भी पुराने है एवं दोनों देशों में सभ्यता का जुड़ाव है। उन्होंने आगे कहा कि नेपाल के विकास में भारत की अग्रणी भूमिका रही है और नेपाल इससे अत्यधिक लाभान्वित हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in