ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या ने जीती कोरोना से जंग, अस्पताल से पहुंचीं घर
ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या ने जीती कोरोना से जंग, अस्पताल से पहुंचीं घर

ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या ने जीती कोरोना से जंग, अस्पताल से पहुंचीं घर

नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन और उनकी आठ साल की बेटी आराध्या बच्चन कोरोना से जंग जीतकर सोमवार को अस्पताल से घर पहुंच गई हैं। अभिनेता अभिषेक बच्चन ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। ऐश्वर्या और आराध्या का कोरोना टेस्ट निगेटिव आने के बाद दोनों को मुंबई के नानावती अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जूनियर बच्चन ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा-'लगातार सभी की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया। इसके लिए सदा आपके आभारी रहेंगे। ऐश्वर्या और आराध्या का टेस्ट निगेटिव आया है और वो अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी हैं। वो अब घर पर रहेंगी। मेरे पापा और मैं अभी मेडिकल स्टाफ की देखरेख में अस्पताल में ही रहेंगे।' बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के बाद बहू ऐश्वर्या राय बच्चन और पोती आराध्या का 12 जुलाई को कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया था। वे घर पर सेल्फ क्वारंटाइन में थी। बुखार, सांस लेने में हो रही तकलीफ के बाद दोनों को 17 जुलाई को नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिनेता अभिषेक बच्चन अभी भी नानावती अस्पताल में भर्ती हैं। 11 जुलाई को दोनों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। उनके फैंस जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन अस्पताल से भी सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं और रोजाना अपने फैंस के साथ पोस्ट शेयर करते हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने रविवार को दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ’जलसा’ से कंटेनमेंट जोन का नोटिस हटा दिया था। हिन्दुस्थान समाचार/मोनिका/सुनीत-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in