aiims-in-bilaspur-will-be-fully-operational-in-next-6-months-jp-nadda
aiims-in-bilaspur-will-be-fully-operational-in-next-6-months-jp-nadda

बिलासपुर में एम्स अगले 6 महीने में पूरी तरह से शुरू किया जाएगा : जेपी नड्डा

बिलासपुर (हिमाचल), 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल ने पात्र लक्षित आबादी का शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आगामी छ: महीनों के भीतर एम्स, बिलासपुर को पूरी तरह से शुरू कर दिया जाएगा। इसके जरिये क्षेत्र के लोगों के साथ प्रदेश के लोगों को राज्य में ही अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नड्डा आज बिलासपुर में राज्य की लक्षित पात्र आबादी के शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के ऐतिहासिक अवसर पर कोविड टीकाकरण के अन्तर्गत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि दिल्ली से बाहर एम्स की स्थापना करना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक परिकल्पना थी, क्योंकि वर्ष 1960 में दिल्ली में पहला एम्स स्थापित किया गया था। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 22 एम्स स्थापित किए जा रहे हैं और यह सब प्रधानमंत्री के प्रयासों से सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान की आधारशिला प्रधानमंत्री द्वारा लगभग तीन वर्ष पहले रखी गई थी। इस संस्थान को एक वर्ष पूर्व पूरा कर लिया जाता, परन्तु कोरोना महामारी के कारण इस संस्थान के कार्य की गति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला को पीजीआई चंडीगढ़ का 500 करोड़ रुपये का सैटेलाइट सेन्टर मिला है। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अमेरिका जैसे उन्नत राष्ट्र भी इस महामारी से निपटने में विफल रहे हैं, जबकि 130 करोड़ आबादी वाला देश भारत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू कर इस महामारी को रोकने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में अब तक 127 करोड़ टीकाकरण की खुराकें दी जा चुकी हैं और विश्व के लगभग 50 देशों को वैक्सीनेशन आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने इस महžवपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने के लिए राज्य सरकार, चिकित्सकों, स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और सभी अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को बधाई दी क्योंकि उनके समर्पण और प्रतिबद्धता के कारण ही हिमाचल, टीकाकरण में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के सक्षम नेतृत्व के कारण यह सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि राज्य को देश का आदर्श राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने समर्पण भाव से कार्य किया है। उन्होंने भाजपा की सरकारों को प्रदेश के विकास का श्रेय दिया। इससे पहले सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने जिला बिलासपुर के एम्स कोठीपुरा में ओपीडी जनता को समर्पित की। एम्स बिलासपुर के डॉ. कपिल शर्मा ने इस प्रतिष्ठित संस्थान की पहली ओपीडी मरीज जिला कुल्लू की रेखा का ईलाज भी किया। उन्होंने कोविड टीकाकरण में कार्यरत चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को इस अवसर पर सम्मानित किया। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि एम्स वास्तव में राज्य को केंद्र सरकार का एक अमूल्य उपहार है। उन्होंने कहा कि विश्व ने देश की बौद्धिक ताकत को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि नासा में कार्यरत 10 वैज्ञानिकों में से लगभग तीन वैज्ञानिक भारतीय हंै। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत देश की शक्ति को पहचाना और कोरोना वायरस के विरूद्ध स्वदेशी टीका विकसित करने के लिए वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि यह प्रदेश के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। प्रदेश के लोगों को स्वास्थ्य क्षेत्र में सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान करने में एम्स बिलासपुर की ओपीडी सुविधा मील का पत्थर साबित होगी और हिमाचल प्रदेश ने कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के लोगों को यहां हर प्रकार की बीमारी का सुपर स्पेशियलिटी उपचार की सुविधा मिलेगी और बिलासपुर में स्थित एम्स से प्रदेश के लाखों लोगों को ही नहीं अपितु पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे पहाड़ी राज्य को महžव प्रदान कर एम्स का उपहार देने के लिए प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आभारी है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल को हमेशा अपना दूसरा घर माना है और लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश के विकास के लिए अपना पूर्ण आशीर्वाद प्रदान किया है। उन्हें इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बिलासपुर में एम्स की स्थापना का सपना संजोया था और आज उनके निरंतर प्रयासों द्वारा हम सब ने इस सपने को साकार किया है। यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि हिमाचल पुत्र जगत प्रकाश नड्डा विश्व की सबसे बड़े राजनैतिक दल का नेतृत्व कर रहे हैं और अनुराग सिंह ठाकुर मोदी सरकार में सबसे महžवपूर्ण मंत्रालयों में से एक का कार्यभार संभाल रहे हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने 53.77 लाख से अधिक की लक्षित आबादी के दूसरी खुराक के शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समयबद्ध और उचित निर्णय से देश ने इस महामारी पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया है। उन्होंने कहा कि कोविड के आरम्भ में देश में एक भी पीपीई किट तैयार नहीं किया जाता था और आज देश न केवल प्रतिदिन 15 लाख पीपीई किट तैयार कर रहा है, बल्कि कई अन्य देशों में इसका निर्यात भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के दुर्गम क्षेत्रों और जनजातीय क्षेत्रों में पूर्ण टीकाकरण पहले पूरा किया गया और जिला किन्नौर सभी पात्र व्यस्कों को कोरोना की दूसरी खुराक देने वाला पूरे देश में पहला जिला बना। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुविधा के लिए उनकी सुविधा के अनुसार और उनके कार्यस्थल पर जाकर भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। --आईएएनएस आरजेएस

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in