54-new-guests-in-the-crocodile-century-of-rajasthan
54-new-guests-in-the-crocodile-century-of-rajasthan

राजस्थान की घड़ियाल सेंचूरी में 54 नये मेहमान

कोटा, 18 जून (हि.स.)। चम्बल नदी की घड़ियाल सेंचूरी में नवजात घड़ियालों के आगमन से इनका कुनबा बढ़ रहा है। राजस्थान में 395 किलोमीटर लंबी चम्बल नदी में चार माह तक जलीय जीवों की गणना के बाद इस वर्ष 54 नये घड़ियाल पाये गये हैं। इतना ही नहीं, इस बार चम्बल में मगरमच्छ एवं डॉल्फिन की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई है। राष्ट्रीय घड़ियाल अभयारण्य में जलीय जीवों की विभागीय गणना रिपोर्ट के अनुसार, गत वर्ष कोटा जिले से धौलपुर तक चम्बल नदी में 900 घड़ियाल थे जो अब 954 हो गये हैं। इसके अतिरिक्त इस वर्ष 4 मगरमच्छ व एक डॉल्फिन भी पायी गई। इस गणना में 11 प्रजातियों के दुर्लभ कछुए मिले हैं। इनमें विलुप्त हो रहे चित्रा इंडिका छोटे सिर व कोमल कवच वाले कछुए की प्रजाति भी मिली है। केशवरायपाटन से धौलपुर तक घड़ियालों का पसंदीदा विचरण क्षेत्र है। नदी किनारे बालू रेत पर रेंगते हुये नन्हे घड़ियाल मादा घड़ियाल की पीठ पर बैठकर अठखेलियां करते देखे जा सकते हैं। 900 कछुओं की हलचल घड़ियाल सेंचुरी, धौलपुर के डीएफओ अनुल कुमार यादव ने बताया कि चम्बल नदी के किनारे घड़ियालों एवं कछुओं का प्रजनन बढ़ा है। गत वर्ष पाली घाट से धौलपुर तक 23 प्रजनन केंद्रों पर नेस्टिंग हुई थी। इस वर्ष 3 हजार अंडों में से 900 कछुए निकलकर बाहर आ गये हैं। चम्बल नदी में प्रवासी पक्षी बार हेडेड, गीज, रूडी, शेलडक, पिलटेल, नाव या स्टीमर भी देखे जा सकते हैं। विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतिवर्ष मई व जून माह में मादा घड़ियाल 30 से 40 सेमी गहरा गढ्ढा खोदकर 50 से 70 अंडे देती है। मादा कवर से उपर बैठकर सेक करती है। इनका मुख्य आहार मछलियां होती हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद गुप्ता/ ईश्वर/सुनीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in