कोरोना के कारण हज यात्रा पर नहीं जाएंगे भारतीय मुसलमानः नकवी
कोरोना के कारण हज यात्रा पर नहीं जाएंगे भारतीय मुसलमानः नकवी

कोरोना के कारण हज यात्रा पर नहीं जाएंगे भारतीय मुसलमानः नकवी

अजीत पाठक नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण इस बार हज यात्रा पर भारतीय मुसलमान सऊदी अरब नहीं जाएंगे। नकवी ने मंगलवार को बताया कि गत सोमवार को सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री डॉ. मुहम्मद सालेह बिन ताहेर बेन्तेन का फोन आया था और उन्होंने कोरोना महामारी के चलते इस बार हज में भारत से जाने वाले हज यात्रियों को नहीं भेजने का सुझाव दिया है। नकवी ने कहा कि क्योंकि कोरोना की गंभीर चुनौतियों से पूरी दुनिया प्रभावित है, सऊदी अरब में भी इसका असर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब सरकार के निर्णय का सम्मान करते हुए, हालात के मद्देनजर लोगों की सेहत-सलामती को प्राथमिकता देते हुए, यह फैसला किया गया है कि इस बार हज के लिए भारतीय मुसलमान सऊदी अरब नहीं जाएंगे। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा कि अब तक हज 2020 के लिए 2 लाख 13 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदकों द्वारा जमा कराया गया पूरा पैसा बिना किसी कटौती के तत्काल वापस किये जाने की प्रक्रिया आज से ही शुरू कर दी गई है। यह पैसा ऑनलाइन डीबीटी के जरिये आवेदकों के खाते में भेजा जाएगा। नकवी ने कहा कि 2019 में दो लाख भारतीय मुसलमान हज यात्रा पर गए थे। जिनमे 50 प्रतिशत महिलाएं शामिल थीं, इसके अतिरिक्त मोदी सरकार के अंतर्गत 2018 में शुरू की गई बिना 'मेहरम' महिलाओं को हज पर जाने वाली महिलाओं की संख्या 3040 हो चुकी है। इस वर्ष भी 2300 से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने बिना 'मेहरम' (पुरुष रिश्तेदार) के हज पर जाने के लिए आवेदन किया था, इन महिलाओं को हज 2021 में इसी आवेदन के आधार पर हज यात्रा पर भेजा जायेगा। साथ ही अगले वर्ष भी जो महिलाएं बिना मेहरम हज यात्रा हेतु नया आवेदन करेंगी, उन सभी को भी हज यात्रा पर भेजा जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in