सुनील मंडल की कोई अहमियत नहीं  : तृणमूल
सुनील मंडल की कोई अहमियत नहीं : तृणमूल

सुनील मंडल की कोई अहमियत नहीं : तृणमूल

कोलकाता, 26 दिसम्बर (हि.स.)। तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले सांसद सुनील मंडल को घेरकर तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा नारेबाजी किए जाने को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि सुनील मंडल का उनके लिए कोई महत्व नहीं है। इसी के बारे में प्रतिक्रिया के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के महासचिव और राज्य के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, "सुनील के बारे में मैं कुछ भी नहीं बोलना चाहता। उनकी कोई अहमियत नहीं रही है।" शुभेंदु पर बोलने से किया इनकार इसके अलावा भाजपा दफ्तर में सम्मानित होने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि वह इस बात के लिए शर्मिंदा है कि 21 वर्षों तक तृणमूल में रहे थे। इस पर भी प्रतिक्रिया के लिए जब पार्थ चटर्जी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वह शुभेंदु अधिकारी की बातों का कोई जवाब नहीं देंगे। उल्लेखनीय है कि गत शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में पूर्व परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल सांसद सुनील मंडल के साथ भाजपा की सदस्यता ली थी। उनके साथ और 11 विधायकों ने भाजपा का दामन थामा था। आज शनिवार को भाजपा ने इन सभी नेताओं के लिए अपने हेस्टिंग्स दफ्तर में सम्मान समारोह का आयोजन किया था। उसी में शामिल होने के लिए सुनील पहुंचे तो भाजपा दफ्तर के बाहर एकत्रित हुए तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। मंडल को काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ी के सामने लेट गए। मौके पर पुलिस मौजूद थी लेकिन आरोप है कि सुनील को बलपूर्वक रोकने की कोशिश कर रहे तृणमूल कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जवाबी नारेबाजी की और सुनील मंडल को बचाकर पार्टी दफ्तर में ले गए। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/सुगंधी/मधुप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in