विद्यासागर की जयंती पर ममता ने भाजपा को घेरा
विद्यासागर की जयंती पर ममता ने भाजपा को घेरा

विद्यासागर की जयंती पर ममता ने भाजपा को घेरा

कोलकाता, 26 सितम्बर (हि.स.)। महान समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर की 200वीं जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान कोलकाता में उनकी मूर्ति टूटने की घटना का जिक्र करते हुए भाजपा पर हमला बोला है। इशारे इशारे में अमित शाह को बाहरी करार देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से आए लोगों ने विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी थी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि 200वीं जयंती के मौके पर महान समाज सुधारक और शिक्षाविद ईश्वर चंद्र विद्यासागर को याद कर श्रद्धांजलि दे रही हूं। वह बांग्ला भाषा के महानतम लोगों में से एक थे। उन्होंने वर्ण परिचय लिखा था। विधवाओं की शादी कराने और बाल विवाह रोकने के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण कार्य किया था। अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि दुर्भाग्य से पिछले साल बाहरी लोगों ने उनकी मूर्ति को तोड़ दी थी। यह इस बात का संकेत था कि विद्यासागर का सम्मान "बाहरी" नहीं करते। महान समाज सुधारक की शिक्षाएं हमेशा ही बंगाल के लोगों के दिलों में रहेंगी। उल्लेखनीय है कि 2019 में भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष और वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो पर विद्यासागर कॉलेज के अंदर से पथराव किया गया था जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और कॉलेज के अंदर से पत्थरबाजी कर रहे लोगों के बीच टकराव हुआ था। उसी समय ईश्वर चंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़ दी गई थी। भाजपा ने दावा किया था कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने ईश्वर चंद्र की मूर्ति तोड़ कर उसके टुकड़ों से अमित शाह की रैली पर हमला किया था, जबकि तृणमूल कांग्रेस दावा करती रही है कि बाहर से विद्यासागर कॉलेज के अंदर बलपूर्वक घुसने वालों ने उनकी मूर्ति तोड़ी थी। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/सुगंधी/मधुप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in