तेजस्वी सूर्या ने कहा : आतंक और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है ममता सरकार
तेजस्वी सूर्या ने कहा : आतंक और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है ममता सरकार

तेजस्वी सूर्या ने कहा : आतंक और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है ममता सरकार

कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि. स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या गुरुवार को भाजपा के प्रस्तावित ‘नवान्न चलो अभियान’ के पहले ममता सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बंगाल में निरंतर लोकतंत्र की हत्या हो रही है और ममता सरकार आतंक और भ्रष्टाचार का पर्याय हो गयी है। सूर्या भाजपा जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किये जाने के बाद पहली बार कोलकाता आयेंगे और अभियान में शामिल होंगे। उन्होंने कोलकाता आने के पहले जारी वीडियो मैसेज में ‘नवान्न चलो अभियान’ में राज्य के लोगों को शामिल होने का आह्वान करते हुए बांग्ला में कहा कि पाय-पाय उड़िये धूलो, आठ तारीख नवान्न चलो। सूर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की पुण्य धरती बंगाल ममता बनर्जी की सरकार में आतंक व भ्रष्टाचार का पर्याय बन गयी है। बंगाल में निरंतर लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जो आतंक, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ आवाज उठाता है, उसका जीवन समाप्त कर दिया जाता है। अभी तक 110 से अधिक कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या बंगाल में हो चुकी है। हमारे भाजपा के नेता मनीष शुक्ला की हत्या कर दी गयी। वह युवा थे, लोकप्रिय थे। उनका लंबा राजनीतिक जीवन था। अल्पायु में ही तृणमूल के हत्यारों द्वारा बर्बरतापूर्वक उनका जीवन समाप्त कर दिया गया है। युवा मोर्चा का हरेक कार्यकर्ता परिवार के साथ खड़ा है। कोई भी बिलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। जब-तक एसएससी, टीटीइ में धांधली, आतंकवाद, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी से मुक्ति नहीं मिल जाती है, तब-तक युवा मोर्चा निरंतर अभियान करेगा। उल्लेखनीय है कि ‘नवान्न चलो अभियान’ के तहत कल कुल चार स्थानों से जुलूस निकलेंगे। पार्टी कार्यालय से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में, हावड़ा मैदान से युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या व प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौमित्र खान के नेतृत्व में, हेस्टिंग्स स्थित भाजपा कार्यालय से केंद्रीय पर्यवेक्षक व महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय के नेतृत्व में व हावड़ा सांतरागाछी से सायंतन बसु व अन्य नेताओं के नेतृत्व में जुलूस निकलेंगे और ये सभी जुलूस नबान्न की ओर जायेंगे। अभियान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहने की संभावना है तथा भाजपा नेताओं ने धमकी दी है कि यदि उनके जुलूस को रोका गया, तो उसका करारा जवाब दिया जायेगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय ने कहा कि कानून के अनुसार भाजपा को जो-जो करना है, वह करेगी। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/सुगंधी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in