the-body-of-a-bjp-worker-found-hanging-from-the-trap-in-bengal
the-body-of-a-bjp-worker-found-hanging-from-the-trap-in-bengal

बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता का फंदे से झूलता शव बरामद

कोलकाता, 19 अप्रैल (हि. स.)। बंगाल में चुनाव की सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता का फंदे से झूलता शव बरामद होने को लेकर तनाव पसर गया है। घटना पूर्व बर्दवान जिले के कालना की है। यहां कल्याणपुर इलाके में भाजपा के कार्यकर्ता का शव उसके घर के पास केले के बागान में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है। मृतक की पहचान अखिल प्रमाणिक के तौर पर हुई है। परिजनों ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस की ओर से लगातार उसे धमकी दी जा रही थी। भाजपा ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने ही उसे मौत के घाट उतारने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से टांग दिया है। दावा है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं जिसकी वजह से हत्या के दावे को बल मिल रहा है। इधर तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि पारिवारिक समस्याओं की वजह से उसने खुदकुशी की होगी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की असली वजह को समझने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि रविवार को भी नदिया जिले के चकदह क्षेत्र अंतर्गत सिमुलिया में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया था। भाजपा का दावा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से पार्टी के 150 से अधिक कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारा गया है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/गंगा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in