sudden-temperature-dropped-by-four-degrees-in-bengal-cold-rise
sudden-temperature-dropped-by-four-degrees-in-bengal-cold-rise

बंगाल में अचानक चार डिग्री नीचे गिरा तापमान, बढ़ी ठंड

कोलकाता, 31 जनवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत पूरे राज्य में अचानक तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से चार डिग्री कम है। विभाग की ओर से जारी बयान में यह भी बताया गया है कि अधिकतम तापमान भी 23.1 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। अचानक तापमान में हुई इस गिरावट की वजह शीतल हवाएं हैं जो उत्तर पश्चिमी राज्यों से आ रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाएं पश्चिम बंगाल में तेज गति से चल रही हैं जिसके कारण पारा लुढ़का हुआ है। हालांकि अगले सप्ताह से तापमान में थोड़ी बहुत बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में सूरज ढलने के बाद से कोहरा छा रहा है जिसके कारण दृश्यता घटकर 100 मीटर से भी कम हो जा रही है। इसकी वजह से वाहन चालकों को कम रफ्तार में वाहन चलाने का परामर्श जारी किया गया है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा आदि जिले में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल 24 से 48 घंटे तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in