medieval-vandalism-the-woman-was-paraded-through-the-village-wearing-a-garland-of-shoes
medieval-vandalism-the-woman-was-paraded-through-the-village-wearing-a-garland-of-shoes

मध्ययुगीन बर्बरता : महिला को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया 

घाटाल, 27 जून (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल थानांतर्गत प्रतापपुर में रविवार को एक महिला को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर घाटाल थाने की पुलिस मौके पर पहुचीं और महिला को बचाया। साथ ही महिला के साथ ऐसी मध्ययुगीन बर्बरता करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में भी ले लिया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार तकरीबन 16 वर्ष पहले प्रतापपुर के निवासी संतोष कर के साथ महिला का विवाह हुआ था। संतोष से महिला को दो संतान भी हैं। कुछ वर्षों पहले इलाके के ही एक युवक पांचूगोपाल अदक के साथ विवाहोत्तर संबंध स्थापित हो गया। इस अवैध संबंध की जानकारी जब महिला के पति संतोष को हुई तो उन्होंने अपनी पत्नी को बार-बार समझाया लेकिन इसके बावजूद संतोष की पत्नी का पांचूगोपाल के साथ विवाहोत्तर संबंध जारी रहा। तकरीबन दो बर्ष पहले संतोष की पत्नी अपने बच्चों को संतोष के पास छोड़कर पांचूगोपाल के साथ फरार हो गई। दो दिन पहले संतोष की पत्नी पांचूगोपाल के साथ वापस लौटी और उसके साथ उसके घर में ही रहने लगी। इस घटना की भनक लगने पर संतोष रविवार पांचूगोपाल के घर पंहुचा और पांचूगोपाल एवं अपनी पत्नी की जमके पिटाई की। स्थानीय लोगों ने भी इस मामले में पांचूगोपाल का समर्थन किया। मामले के निपटारे के लिए पंचायत सभा भी बैठी। पंचायत सभा के निर्णय के अनुसार महिला को जूते की माला पहनाकर पूरा गांव घुमाया गया। घाटाल पंचायत समिति के सदस्य पंचानन मंडल ने भी मामले की पुष्टि की है। बहरहाल, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बचाया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लिया था और पूछताछ कर रही थी। हिन्दुस्थान समाचार/धनंजय/गंगा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in