Massive crowd at Shubhendu's meeting in Nandigram
Massive crowd at Shubhendu's meeting in Nandigram

नंदीग्राम में शुभेंदु की सभा में भारी भीड़

किया सत्ता परिवर्तन का आह्वान कोलकाता, 29 दिसम्बर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद राज्य के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को नंदीग्राम में पहली जनसभा की है। यहां एक रोड शो में भी उन्होंने हिस्सा लिया जहां भारी भीड़ उमड़ी थी। इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बगैर तीखा प्रहार किया। शुभेंदु ने कहा कि कुछ लोग अपना कार्यक्रम तय करके बदल जाते हैं। दरअसल शुभेंदु नंदीग्राम से विधायक रहे हैं और 2007 के नंदीग्राम आंदोलन के मुख्य सूत्रधार भी थे। इसी आंदोलन से राज्य में 33 वर्षों के माकपा शासन के खात्मे की नींव पड़ी थी। ममता बनर्जी भले ही इसका मुख्य चेहरा थीं लेकिन शुभेंदु अधिकारी और उनके परिवार के बाकी सदस्यों ने इसे मूर्त रूप दिया था। सात जनवरी को सीएम ने यहां जनसभा करने की घोषणा की थी लेकिन अगले ही दिन जवाबी सभा की शुभेंदु की चुनौती के बाद उन्होंने अपनी सभा रद्द कर दी है। दावा किया जा रहा है कि शुभेंदु के डर से उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द किया। इसके बाद मंगलवार को वह यहां तेंगुआ मोड़ से जानकी नाथ मंदिर तक एक रैली में हिस्सा लिया जिसमें भारी भीड़ थी। यहां संबोधन करते हुए उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया और पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कार्यकर्ताओं पर हमला करने वालों की अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो इसके खिलाफ भारी विरोध होगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि हर तरह के रंगदारी वसूली में भतीजे शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्हीं के निर्देश पर मेरी तस्वीर पर कालिख पोती गई है और शेयर किया गया। बंगाल में परिवर्तन का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को इस अत्याचारी सरकार को खत्म करना होगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव के बाद पता चल जाएगा कि लोग किसके साथ हैं। उत्तर 24 परगना की रैली में भी भारी भीड़ नंदीग्राम से पहले शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ में एक रोड शो में हिस्सा लिया। इसमें भी लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा था। कुछ दिनों पहले ही यहां भाजपा के पार्षद मनीष शुक्ला की हत्या हुई थी। इसे लेकर शुभेंदु ने कहा कि पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से सत्तारूढ़ पार्टी के लोग आतंक का माहौल बना रहे हैं लेकिन इससे हम लोग डरने वाले नहीं हैं। टीटागढ़ थाने के सामने भी उन्होंने रोड शो किया जो खरदह थाने के पास जाकर खत्म हुआ। इसमें भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो, सौमित्र खान, अर्जुन सिंह के अलावा कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in